नई दिल्ली। देश में बढ़ती महंगाई और बिगड़ते बजट के बीच केंद्र सरकार देशवासियों के लिए राहत का पैगाम लेकर आने वाली है, जिसके संकेत मिल रहे हैं। इसके मुताबिक देश में चावल और गेहूं की कीमतों में गिरावट के आसार हैं। खाद्य सचिव संजीव चोपड़ा ने इस बात की जानकारी दी है कि सरकार ओपन मार्केट में अतिरिक्त 50 लाख टन गेहूं और 25 लाख टन चावल की बिक्री करेगी।
सरकारी गोदामों में भरपूर है गेहूं का स्टॉक
एक अगस्त को सरकार के गोदामों में 28.3 मिलियन मीट्रिक टन गेहूं का स्टॉक था जो एक साल पहले 26.6 मिलियन मीट्रिक टन हुआ करता था। ट्रेडर्स का मानना था कि सरकार को अपने स्टॉक से ओपन मार्केट में गेहूं बेचना चाहिए जिससे त्योहारी सीजन में सप्लाई बनी रहे और इसकी कमी को टाला जा सके।
सरकार कर रही घटाने की कोशिश
देश में लगातार खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ रहे हैं और इसके मद्देनजर सरकार के सामने मांग की जा रही थी कि इस दिशा में कोई ठोस कदम लिए जाएं। सरकार ने हाल ही में चावल के इंपोर्ट पर बैन लगाने का फैसला लिया था जिसके जरिए देश में चावल की बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाई जा सके और इस कदम के जरिए देश में चावल की सप्लाई की कमी ना होने देने की कोशिश की गई।