देश-विदेश

जंगलों में लगी आग से पूरा शहर तबाह... अब तक 67 लोगों की मौत... हजार से ज्यादा इमारतें जलकर खाक

अमेरिका के हवाई स्टेट के जंगलों में लगी आग विकराल रूप धारण करती जा रही है। दावानल की चपेट में आने से पूरा शहर तबाह हो गया है। माउई द्वीप के लहानिया शहर में लगी आग से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 67 हो गई है, जबकि एक हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। 1000 से अधिक इमारतें जलकर राख हो चुकी हैं। सर्च टीमें लगातार लाहिना के सुलगते जंगलों की तलाशी में लगी हुई हैं। ये पता लगाया जा रहा है कि कहीं कोई आग से घिरा तो नहीं है। इसके साथ ही अधिकारी अब ये पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ऐतिहासिक रिसॉर्ट शहर में आग इतनी तेजी से कैसे फैल गई। 

वहीं माउई के हवाई द्वीप में लगी जंगल की इस आग में भारत से भेजा गया करीब 150 साल पुराना बरगद का पेड़ भी अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है। यह आग राज्य के इतिहास में सबसे घातक प्राकृतिक आपदा बन गई है। 

अधिकारियों ने कहा है कि स्निफर डॉग्स की मदद से जान गंवाने वालों की तलाश की जा रही है। अभी मृतकों का जो आंकड़ा जारी किया गया है, ये संख्या बढ़ भी सकती है। उन्होंने कहा कि आग की वजह से 1000 घर जलकर तबाह हो गए हैं, हजारों लोग बेघर हो गए हैं। इस शहर के पुनर्निर्माण के लिए कई साल और अरबों डॉलर की आवश्यकता है।

बता दें कि अब माउई द्वीप का पश्चिमी इलाका पूरी तरह से अलग-थलग पड़ चुका है। सिर्फ एक ही हाईवे खुला है। वहां मौजूद लहानिया शहर के हजारों लोगों को सुरक्षित इलाकों में भेजा गया है। कई लोग धुएं, तेज आंच और आग से बचने के लिए समुद्र में भाग गए। लहानिया से भागे मेसन जारवी ने बताया कि इससे पहले उन्होंने ऐसी आपदा नहीं देखी थी। पूरा का पूरा लहानिया जलकर खाक हो चुका है। यह किसी प्रलय से कम नहीं है।  

 

----------