शिक्षा विभाग का फरमान... मध्यान्ह भोजन के बाद खाली बोरा बेचेंगे... प्रदेशभर के शिक्षक
2023-08-17 12:39 PM
624
पटना। स्कूली शिक्षकों को चाहे जो काम सौंप दो, बच्चों की पढ़ाई और भविष्य भले ही अंधकार से घिर जाए, लेकिन सरकार के मंसूबे पूरे होने चाहिए। यह कोई हंसी—ठिठोली नहीं, बल्कि देश की हकीकत है। पोलियो ड्राप पिलाना हो, घर—घर जाकर सर्वेक्षण करना हो, मतदाता सूची बनाना हो या फिर स्कूल में मिड—डे मिल ही क्यों न बनाना हो। इन सभी कामों के लिए सबसे आसान पहुंच में शिक्षक ही होते हैं।
ताजा मामला बिहार से सामने आया है, जहां पर सरकार ने शिक्षकों के लिए नया फरमान जारी किया है। जिसके मुताबिक शिक्षकों को अब बोरा बेचना है। वह भी कम से कम 20 रुपए में, इससे कम कीमत पर बेचने की अनुमति भी नहीं है।
दरअसल, 14 अगस्त, 2023 को एक पत्र के माध्यम से डायरेक्टर (मिड डे मील) मिथिलेश मिश्रा ने सभी जिला कार्यक्रम अधिकारियों (मध्याह्न भोजन) को निर्देश दिया कि वे राज्य सरकार द्वारा संचालित विद्यालय के छात्रों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार करने के लिए परिवहन किए गए अनाज की खपत के बाद बचे हुए बोरों की बिक्री सुनिश्चित करें।

संबंधित जिला कार्यक्रम अधिकारियों को राज्य योजना निधि के प्रबंधन के लिए संचालित स्थानीय बैंक खातों में बिक्री आय जमा करने का भी निर्देश दिया गया है। राशि जमा होने के बाद, संबंधित जिला कार्यक्रम अधिकारियों को निदेशक (मिड डे मील) द्वारा पत्र के माध्यम से विभाग को लिखित रूप से सूचित करने के लिए निर्देशित किया गया है।