डेस्क | पंजाब के श्री फतेहगढ़ साहिब में रविवार सुबह सरहिंद के माधोपुर के पास दो मालगाड़ीयों की आपस में टक्कर हो गईं। इस हादसे में दो लोको पायलट घायल हो गए। घायलों को श्री फतेहगढ़ साहिब स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल लोको पायलटों की पहचान विकास कुमार और हिमांशु कुमार के रुप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के रहने वाले हैं।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। एक गाड़ी पटरी से उतरकर पलट गई। हादसा मालगाड़ियों के लिए बने DFCC (डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड) ट्रैक के न्यू सरहिंद स्टेशन के पास हुआ। यहां कोयले से लोडेड 2 मालगाड़ियां खड़ी थीं।
इन्हें पंजाब में रोपड़ की ओर जाना था। रविवार सुबह एक मालगाड़ी का इंजन खुलकर दूसरी से टकराया। इसके बाद इंजन पलटकर अंबाला से जम्मू तवी की तरफ जा रही पैसेंजर गाड़ी समर स्पेशल (04681) में फंस गया। इससे समर स्पेशल ट्रेन को भी थोड़ा नुकसान पहुंचा है। वहीं, ट्रैक का हाल बुरा है।
हादसे के बाद अंबाला से लुधियाना अप लाइन ठप हो गई है। अंबाला डिवीजन के डीआरएम समेत रेलवे, जीआरपी और आरपीएफ के सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। हादसे की जांच के आदेश दिए गए हैं।