पहली बार महिला वनडे वर्ल्ड कप किया अपने नाम, BCCI ने किया ₹51 करोड़ देने का ऐलान
खेल डेस्क। भारत की महिला क्रिकेट टीम ने रविवार, 2 नवंबर को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 52 रनों से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने पहली बार विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। वहीं, साउथ अफ्रीका का पहला खिताब जीतने का सपना एक बार फिर टूट गया।
फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मजबूत स्कोर खड़ा किया और शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन से साउथ अफ्रीकी टीम को लक्ष्य से काफी पीछे रोक दिया। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में यह जीत भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बन गई।
भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत के बाद खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ पर इनामों की बारिश हो रही है। भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) ने टीम के लिए 51 करोड़ रुपये की प्राइज मनी की घोषणा की है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि महिला टीम को पहली बार इतनी बड़ी इनामी राशि दी जा रही है।