सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग का धमाल : देशभर के 110 राइडर्स ने दिखाया स्पीड, स्टंट और स्किल, ‘सेफ राइडिंग’ का दिया संदेश
2025-11-10 12:34 PM
34
राजधानी रायपुर के आउटडोर स्टेडियम में आयोजित नेशनल सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग प्रतियोगिता के समापन समारोह में रोमांच अपने चरम पर रहा। देश के विभिन्न राज्यों से आए 110 से अधिक प्रोफेशनल बाइकर्स ने अपनी स्पीड, स्टंट और स्किल से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रतियोगिता के दौरान रेसिंग के लिए बनाए गए विशेष ट्रैक में सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा गया। आयोजन समिति ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता का थीम था, “सेफ रेसिंग, सेफ राइडिंग, सेफ ड्राइविंग”, ताकि युवाओं में सुरक्षित वाहन चलाने के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
इस अवसर पर आयोजन से जुड़े भाजपा प्रवक्ता उज्वल दीपक ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं न केवल युवाओं को एडवेंचर स्पोर्ट्स की दिशा में प्रेरित करती हैं, बल्कि ट्रैफिक सुरक्षा के महत्व को भी उजागर करती हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में रायपुर को सुपरक्रॉस और मोटर स्पोर्ट्स का हब बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
रोमांच, स्पीड और सेफ्टी का यह संगम रायपुर के दर्शकों के लिए एक यादगार अनुभव रहा। आयोजकों की मानें तो आने वाले वर्षों में इस प्रतियोगिता को और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा।