रायपुर

छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठंड, कई शहरों में पारा 10 डिग्री के नीचे

रायपुर। राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में ठंड का असर तेजी से बढ़ रहा है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी नीचे पहुंच गया है। अम्बिकापुर सहित कई हिस्सों में शीतलहर जारी है। शनिवार को अम्बिकापुर का न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस और माना में पारा 10.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। शनिवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। माना एयरपोर्ट में 28.7 डिग्री, बिलासपुर में 28 डिग्री, पेंड्रारोड में 25.6 डिग्री, अम्बिकापुर में 25.6 डिग्री, जगदलपुर में 29.4 डिग्री, दुर्ग में 30.2 डिग्री और राजनांदगांव में 28.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रायपुर में आज आकाश साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।