रायपुर

Smart Meter से होगी बकाया वसूली, बिजली कंपनी ने चार हजार कमर्शियल उपभोक्ताओं की तैयार की सूची

रायपुर। विद्युत वितरण कंपनी अब बकायादारों से वसूली के लिए पारंपरिक तरीकों के बजाय स्मार्ट तकनीक का उपयोग करने जा रही है। पहले बिल का भुगतान न करने पर कर्मचारियों को उपभोक्ताओं के घरों और दुकानों तक जाकर खंभे से विद्युत कनेक्शन काटना पड़ता था, लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद यह प्रक्रिया पूरी तरह तकनीक आधारित हो जाएगी। अब बिजली ऑफिस से ही जीपीएस सिस्टम के माध्यम से कनेक्शन विच्छेद किया जा सकेगा।

कंपनी ने ओएंडएम सर्किल में ऐसे कमर्शियल उपभोक्ताओं की सूची तैयार कर ली है, जिन पर 20 हजार रुपए से ज्यादा का बकाया है। इनकी संख्या करीब 4 हजार है और इनके प्रतिष्ठानों में स्मार्ट मीटर पहले ही स्थापित किए जा चुके हैं। बकाया भुगतान न होने पर इनका कनेक्शन कभी भी काटा जा सकता है।

वितरण कंपनी की बकाया राशि में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए रीजन में वसूली अभियान तेज कर दिया गया है। कई महीनों से बिल नहीं भरने वाले उपभोक्ताओं की पहचान की जा रही है और स्मार्ट मीटर आधारित निगरानी व्यवस्था के माध्यम से कार्रवाई की तैयारी है। स्मार्ट मीटर लग जाने के बाद कंपनी को उपभोक्ताओं के घर या दुकान तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती और कनेक्शन सीधे कंट्रोल रूम से बंद किया जा सकता है।