रायपुर

फर्जी गूगल कस्टमर केयर गिरोह के 5 अंर्तराज्यीय ठग गिरफ्तार

रायपुर।  राजधानी पुलिस ने लोगों को ठगने वाले फर्जी गूगल कस्टमर केयर गिरोह के पांच ठगो को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए ठग बैंक  खातों  में  लिंक करने,  मोबाइल  नंबर  अपडेट  करने  तथा  विभिन्न  रिमोट एक्सेस  एप डाउनलोड  कराकर  लोगों  को  अपने  झांसे  में  लेकर  देश  भर  में ठगी करते थे।  पकड़े गए ठगों ने राजधानी के पंडरी और पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में चार पीड़ितों के 19 लाख 54 हजार रुपये ठग लिए थे।

मामले का खुलासा करते हुए एसपी प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि गिरफ्तार चार आरोपी जामताड़ा और एक आरोपी राजस्थान का रहने वाला है। सभी आरोपी 22 से 33 साल के बीच के है। ठगी में इस्तेमाल बैंक खाता और मोबाइल नंबर अन्य व्यक्तियों के नाम पर दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16  नग मोबाईल फोन, विभिन्न कम्पनियों के 151 नग सिम कार्ड एवं अलग- अगल बैंको के 11 नग एटीएम कार्ड जब्त किया गया।

अशोक हाईट्स मोवा निवासी सुदर्शन जैन में पंडरी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 13 जनवरी को गुगल कस्टर केयर में फोन करने के बाद उन्हें एक एप डाउनलोड करने को बोला गया। जिसके बाद उनके विभिन्न बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से अलग-अलग किश्तों में कुल 14,49,041 रुपये का आनलाईन आहरण हो गया।

शंकर नगर निवासी सुभाष चंद्र के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। अज्ञात मोबाइल धारक ने फोन कर एक एप डाउनलोड करने को कहा। फिर उनके खाते से 1 लाख 92 हजार रुपये कट गए। अशोक रतन शंकर नगर निवासी संध्या काबरा भी कुछ इसी तरह ठगी की शिकार हुई। इनके खाते से अलग-अलग किश्तों में कुल 2,12,798 रुपए कट गए। वहीं कुशालपुर पुरानी बस्ती निवासी केदार  प्रधान से एक लाख रुपये की ठगी हुई।

सुदर्शन  जैन  के  साथ  ठगी  की  घटना  पर एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की साईबर विंग ने घटना के संबंध में प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ कर लेन-देन एवं अन्य समस्त जानकारियां प्राप्त की। जिन खातों  में  आवेदक  द्वारा  रकम  स्थानांतरण  किया  गया  था  उनकी  जानकारी  प्राप्त  कर  साईबर विंग ने प्रार्थी के खाते में कुल 11 लाख  रूपये वापस कराया।

एसपी के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीम ने आरोपियों को  पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में लोकेट किया। जिस पर टीम के सदस्यों को पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में कैंप किया। टीम को पता चला कि आरोपी दुर्गापुर स्थित एक मकान में रहते है। इस सूचना पर उक्त मकान में रेड कार्यवाही की गई। मकान  में  पांच  व्यक्ति  उपस्थित  थे।  पूछताछ  में  व्यक्तियों  ने  अपना  नाम  एमडी  आलम, दिनेश  राय, प्रकाश  राजवार, महेन्द्र  सिंह  तथा  रोहित  कुमार  यादव  निवासी  देवघर  झारखण्ड बताया। घटना के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर उनके द्वारा उक्त ठगी की घटनाओं को कारित करने के अलावा देशभर में मोबाईल नम्बर अपडेट करने के नाम पर अलग-अलग लोगों को अपना शिकार बनाते हुए लाखों रूपए की ठगी करना बताया गया।


यह है गिरफ्तार आरोपी

1. एमडी  आलम  पिता  पांचूमिया ( 33)  निवासी  झारखण्ड  हाल  पता  दुर्गापुर (पश्चिम बंगाल)।

2. दिनेश  राय  पिता  भोलानाथ  ( 21)  निवासी  झारखण्ड  हाल  पता दुर्गापुर (पश्चिम बंगाल)।

3. प्रकाश  राजवार  पिता  देवी  राजवार  (30)  निवासी  झारखण्ड हाल  पता दुर्गापुर (पश्चिम बंगाल)।

4. महेन्द्र  सिंह  पिता  प्रताप  सिंह  (28) निवासी  राजस्थान  हाल  पता  दुर्गापुर (पश्चिम बंगाल)।

5. रोहित  कुमार  यादव  पिता  प्रभाकर  यादव ( 23) निवासी  देवघर  झारखण्ड  हाल  पता  दुर्गापुर (पश्चिम बंगाल)।

 

कार्रवाई में इनकी भूमिका रही खास

कार्यवाही  में  निरीक्षक  दीपक  पासवान  थाना  प्रभारी  पण्डरी,  एण्टी  क्राईम  एण्ड साईबर  यूनिट  से  निरीक्षक  गौरव  तिवारी,  प्रधान आरक्षक  महेन्द्र  राजपूत,  राधाकांत  पाण्डेय,  मार्तण्ड सिंह,  आरक्षक  धनंजय  गोस्वामी,  हिमांशु  राठौड़,  आशीष  पाण्डेय,  संदीप  सिंह,  आलम बेग, सुरेश  देशमुख, नितेश राजपूत,  गणेश  मरावी,  रवि  प्रभाकर,  बसंती मौर्य,  रक्षित केन्द्र  उपनिरीक्षक यू.एन.  शांत कुमार,  थाना  खम्हारडीह  से  उपनिरीक्षक  रूपेन्द्र  देवांगन,  थाना  आमानाका  से  सहायक उप निरीक्षक  वीर  सिंह राज की महत्वपूर्ण भूमिंका रही।