यहां बना ‘द्रोणाचार्य का गुरुकुल’ और अर्जुन की तरह पारंगत हो रहे बच्चे
2023-02-24 11:41 AM
371
रायपुर। छात्रों को पढ़ाई के साथ उनके खेल हुनर को तराशने के लिए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जशपुर जिले में एकलव्य खेल अकादमी में बच्चों को तीरंदाजी सिखाई जा रही है। जशपुर में 91.98 लाख की लागत से एकलव्य खेल अकादमी बनाया गया है। जहां विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा के प्रतिभावान स्कूली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ में खेल गतिविधियों के विकास एवं खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए राज्य शासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों के अंतर्गत विगत चार वर्षों के दौरान स्थापित विभिन्न खेल अकादमियों ने सफलता के नये कीर्तिमान स्थापित किए हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जशपुर प्रवास के दौरान जशपुर में भी 91 लाख 98 हजार की लागत से एकलव्य खेल अकादमी तीरंदाजी केन्द्र की घोषणा की गई थी।
जिले के दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों व वनांचलों के विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा के प्रतिभावान छात्रों की प्रतिभा को निखारने एवं उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए रंजीता स्टेडियम के परिसर में तीरंदाजी केन्द्र एवं एकलव्य खेल अकादमी का संचालन किया जा रहा है।
अकादमी में तीरंदाजी, ताईक्वांडो और तैराकी के 10-10 बच्चों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पहाड़ी और दूरस्थ अंचल के विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समूह के बच्चों के चयन को प्राथमिकता दी गई है। उल्लेखनीय है कि संस्थान में तीरंदाजी, ताइक्वांडो एवं तैराकी विधा शामिल हैं। जिसके अंतर्गत कुल 30 छात्रों का चयन हुआ है।
खिलाड़ियों की प्रतिभा को तराशने के लिए अकादमियों में अच्छी खेल अधोसंरचनाओं के साथ-साथ अच्छे प्रशिक्षकों की तैनाती भी की गई है। इन दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों व वनांचलों के पहाड़ी कोरवा छात्रों को ओलंपिक, कॉमनवेल्थ एवं राष्ट्रीय खेल जैसे अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के खेल प्रतिस्पर्धाओं में अच्छे प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय स्तर के प्रसिद्ध खेल प्रशिक्षकों के माध्यम से भी प्रशिक्षण देने की पहल की जा रही है।