कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कोंडागांव जिले से बड़ी खबर आ रही है। यहां नक्सलियों ने करीब आधा दर्जन ग्रामीणों को अगवा कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नक्सलियों ने अगवा लोगों में से एक ग्रामीण की हत्या कर दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोभराज अग्रवाल ने इस घटना की पुष्टि करते हुए जानकारी दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोंडागांव जिले के पुंगारपाल में नक्सलियों ने पांच-छह ग्रामीणों को अगवा कर लिया। वारदात शनिवार की बताई जा रही है। वहीं खबर यह भी निकलकर सामने आ रही है कि एक को छोड़कर बाकी ग्रामीण नक्सलियों के चंगुल से भाग निकले, लेकिन कैद में रहे ग्रामीण की नक्सलियों ने हत्या कर दी।
मृतक बारहमासी कश्यप उम्र 30 वर्ष निवासी कोटमेतापारा ग्राम तुमदीवाल थाना पुंगरपाल को शनिवार शाम करीब 6 बजे पांच से सात नक्सली घर से उठाकर जंगल तरफ ले गए। जिसकी आज सुबह गांव से कुछ दूर जंगल टेकरी के पास लाश मिली है। बताया जा रहा है कि नक्सलियों द्वारा डंडे से मारपीट कर ग्रामीण की हत्या की गई है। इस मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना करवाई की जा रही है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के धुर नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में मंदिर के पुजारी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस को शक है कि वारदात को नक्सलियों ने ही अंजाम दिया है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है। पुलिस ने इसे नक्सली हत्या मानते हुए कोई अधिकृत बयान नहीं दिया है। घटना के वक्त पुजारी की बेटी साथ थी, लेकिन वह अभी कुछ बता नहीं पा रही है।
(संत ज्ञानेश्वर स्कूल में लड़कियों को प्रवेश शुल्क में 20 फीसद की छूट)
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुजारी की हत्या बीजापुर जिले के भैरमगढ़ ब्लाक के थाना मिरतुर की है। धुर नक्सल प्रभावित मिरतुर में मंदिर का पुजारी रामा कड़ती अपनी बेटी के साथ मंदिर में पूजा कर रहा था। इस बीच चार-पांच लोगों ने पहुंच धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया।
घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है। पुलिस को नक्सली वारदात का शक है, लेकिन पुलिस ने इसकी अधिकाधिक पुष्टि नहीं की है। हत्या क्यों और किसलिए की गई इस बारे में पुलिस पुजारी के परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है।
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ सरकार राज्य के सभी पात्र हितग्राहियों को पक्का आवास मुहैया कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा है कि केन्द्र सरकार यदि आवास योजना के पात्र हितग्राहियों का सर्वे आरंभ नहीं कराती है, तो राज्य सरकार एक अप्रैल से 30 जून 2023 के बीच आवास योजना के पात्र हितग्राहियों का स्वयं नवीन सर्वे कराएगी।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा में चर्चा का जवाब देते हुए कहा है कि वर्ष 2011 में जनगणना हुई थी। पिछले 12 वर्षों में केन्द्र और राज्य प्रवर्तित योजनाओं के क्रियान्वयन से आम नागरिकों के जीवन में क्या परिवर्तन हुए, इसकी अद्यतन जानकारी प्राप्त करना आवश्यक है, ताकि इन योजनाओं में इस अवधि में जुड़े पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।
संत ज्ञानेश्वर स्कूल में लड़कियों को प्रवेश शुल्क में 20 फीसद की छूट
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार को हमारा यह सुझाव है कि देश में विगत 12 वर्षों में निर्मित पक्के आवास, शेष कच्चे अथवा एक कमरे वाले आवास, शौचालय निर्माण योजना, उज्ज्वला गैस योजना, किसानों की आय दोगुनी करने, शत-प्रतिशत घरों के विद्युतीकरण आदि योजनाओं की अद्यतन स्थिति का सर्वप्रथम आकलन किया जाए। मुख्यमंत्री ने विपक्ष के सदस्यों से आग्रह करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार से जनगणना कराने के आग्रह के लिए पक्ष-विपक्ष के सदस्य प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से मिलने के लिए एक साथ चलें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत छत्तीसगढ़ में 8 लाख 44 हजार आवास पूर्ण किए जा चुके हैं, इस योजना में राज्य के 11 लाख 76 हजार 150 आवासों के लक्ष्य के विरूद्ध 11 लाख 76 हजार 067 आवासों की स्वीकृति दी जा चुकी है, जो लक्ष्य का 99.99 प्रतिशत है। आवासों के पूर्णता के प्रतिशत में छत्तीसगढ़ असम, गुजरात, केरल, महाराष्ट्र, ओडिशा, पंजाब, तमिलनाडु, त्रिपुरा, उत्तराखण्ड, आन्ध्रप्रदेश तथा कर्नाटक राज्यों से बेहतर स्थिति में है। छत्तीसगढ़ में लक्ष्य के 71.79 प्रतिशत आवास पूर्ण किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने राज्यपाल श्री विश्वभूषण हरिचंदन के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच प्रगाढ़ संबंध हैं। दोनों राज्यों के बीच भौगोलिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और पारिवारिक संबंध हैं। हमारे राज्यपाल ओडिशा से हैं। उनके अनुभवों का लाभ छत्तीसगढ़ को मिलेगा।
कांकेर। जिले के चारामा में एक कार जलकर पूरी तरह से खाख हो गई थी। उस कार में पति, पत्नी और दो बच्चों के होने की बात सामने आई थी। समीर सिकदार अपने परिवार के साथ धमतरी आया था और फिर पखांजूर लौट रहा था, लेकिन चारामा के पास उसकी कार जली हुई मिली, पर चारों लापता हो गए। यह गुत्थी अब भी सुलझ नहीं पाई है। कांकेर पुलिस कप्तान खुद इस मामले की तफ्तीश में लगे हुए हैं।
मामला 1 मार्च का है, जब पुलिस को एक कार के जले होने की सूचना मिली। कार समीर सिकदार के नाम पर है, जिसकी पतासाजी में बात सामने आई थी कि वह अपने परिवार के साथ सफर कर रहा था। पुलिस ने फॉरेंसिक जांच कराई, जिसमें यह बात तो साबित हो गई थी कि कार के साथ कोई भी नहीं जला है।
मामला अब चार इंसानों के लापता होने का था। पुलिस ने अपहरण के एंगल से जांच शुरु की,तो जो तथ्य सामने आए हैं, उसके मुताबिक उनका अपहरण भी नहीं हुआ है। 1 मार्च की रात जिस दिन चारामा के पूरी गांव के पास कार में आग लगी, उस रात समीर सिकदार ने अपनी पत्नी और बच्चे के साथ धमतरी के आशियाना होटल में रात बिताई थी और 2 मार्च को उन्होंने होटल से चेक आउट किया है।
इस पूरे घटनाक्रम में अब तक एक बात स्पष्ट नहीं हो पाई है कि आखिर समीर सिकदार और उसका परिवार आखिर कहां हैं..? कार में आग क्यों लगी या लगाई गई..? समीर अपने परिवार के साथ आखिर छिप क्यों रहा है..? यहां यह भी बता दें कि समीर ने धमतरी के कारोबारी से 4 लाख रुपए लिए थे।
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में ट्रैफिक सेंस को लेकर हमेशा से दिक्कत रही है। राजधानी से लेकर प्रदेशभर की स्थिति पर नजर डालें, तो वास्तविकता यही है कि अधिकांश लोग यातायात नियमों का पालन नहीं करना चाहते। जबकि जानकारी सभी को है, बावजूद इसके नियम का उल्लंघन जैसे आदत का हिस्सा है।
वाहन चालकों की इन्हीं बुरी आदतों को बदलने के लिए बिलासपुर पुलिस ने अब जुर्माना की जगह पर 'यातायात की पाठशाला' लगाना शुरु कर दिया है। शहर के भीतर जो कोई भी नियम का पालन नहीं करेगा, उसकी आधे घंटे की क्लास लगाई जाएगी। यातायात के नियमों की जानकारी दी जाएगी, इसके बाद एक टेस्ट लिया जाएगा। यदि टेस्ट पास किया, तो जुर्माना भी माफ कर दिया जाएगा।
बिलासपुर पुलिस ने इस बार ठान लिया है कि या तो वाहन चालक नियम से वाहन चलाएं, या फिर नियम तोड़े जाने पर हर बार आधे घंटे की क्लास में बैठे और टेस्ट दिलाएं। यदि टेस्ट में पास नहीं हुए, तो फिर से क्लास चलेगी और आधे घंटे तक फिर नियमों की अनदेखी के दुष्परिणाम, टैफिक सेंस और नियम को लेकर क्लास ली जाएगी।
यह प्रक्रिया हर किसी के साथ तब तक दोहराई जाएगी, जब तक लोग अपनी आदतों को नहीं सुधार लेते हैं। बिलासपुर पुलिस के इस पहल को अभिनव कहा जा सकता है, इससे लोग जागरूक होने के साथ ही अपनी आदतों में कम से कम बदलाव लाने की दिशा में प्रयास करेंगे।
रायपुर।छत्तीसगढ़ सरकार के दिग्गज मंत्री और प्रदेश में अपने विशेष व्यक्तित्व के लिए प्रख्यात स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव का एक बयान जोरदार तरीके से वायरल हो रहा है। यह बयान उन्होंने मीडिया से चर्चा के दौरान दिया है। टीएस सिंहदेव ने सार्वजनिक तौर पर इस बात को स्वीकार किया है कि भाजपा किसी भी मायने में कमतर नहीं है।
मंत्री सिंहदेव ने कहा कि बीते चुनाव में भाजपा भले ही कम सीटें निकाल पाई, यह एक अलग राजनीतिक मसला है। पर हकीकत यह है कि भाजपा एक ताकतवर राजनीतिक पार्टी है, जिसे किसी भी मायने से कमतर नहीं आंका जा सकता। टीएस सिंहदेव ने कहा कि एक बार अकेले भाजपा को फिर भी कम समझा जा सकता है, लेकिन जब भाजपा के साथ आरएसएस है, तो उनकी ताकत को कम समझना सबसे बड़ी भूल साबित होगी।
सिंहदेव ने इसके साथ इस बात का भी उल्लेख किया कि भाजपा का मनोबल बुरी तरह से टूटा हुआ है। उन्होंने सीधे राज्यपाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री ने मनोनित कर छत्तीसगढ़ भेजा है, ऐसे में भाजपा उनका भाषण पूरा होने नहीं दे रही है। यह सही मायने में उचित नहीं है।
इस बात को आगे बढ़ाते हुए सिंहदेव ने कहा कि दरअसल, इन सबके जरिए भाजपा खुद को हाईलाइट करने का प्रयास कर रही है। वहीं मंत्री टीएस ने एक बार फिर दोहराया कि आने वाले समय में कांग्रेस को भी सतर्कता बरतनी होगी कि चुनाव में भाजपा की ताकत को कम ना आंका जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन के स्तर पर मजबूत है, तो उनकी टेक्निकल टीम भी बेहद शक्तिशाली है।
अब मंत्री सिंहदेव के इस बयान के बाद सियासी नजरिए से कई मायने निकाले जा रहे हैं। कुछ पंडितों का कहना है कि इस तरह से बाबा सियासी दांव खेल रहे हैं और भाजपा के प्रति नरमरूख अख्तियार कर रहे हैं। तो इसके अलावा भी कई और मतलब निकाले जा रहे हैं। हालांकि मंत्री सिंहदेव ने स्पष्ट कर दिया है कि वे कहां हैं.. कहां रहेंगे।
रायपुर। दुर्ग जिले के 34 पटवारियों के सामूहिक अवकाश पर जाने को लेकर एसडीएम नाराज हो गए। एसडीएम लक्ष्मण तिवारी ने जिले के 34 पटवारियों का इंक्रीमेंट रोकने का आदेश जारी कर दिया।
एसडीएम ने सभी पटवारियों को नोटिस जारी कर आदेश दिया है कि 24 घंटे में सामूहिक अवकाश लेने का स्पष्ट कारण नहीं बताते तो उनके खिलाफ इंक्रीमेंट रोकने की कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं एसडीएम ने सस्पेंड करने की बात भी कही है।
एसडीएम लक्ष्मण तिवारी ने अवकाश आवेदन तो अस्वीकृत कर दिया, साथ ही वो सभी पटवारियों के कार्यालय पर औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। इस दौरान उन्हें कोई भी पटवारी अपने कार्यालय में नहीं मिला। इसके बाद एसडीएम ने सभी 34 पटवारियों को शोकाज नोटिस जारी किया और 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा।
रायपुर। सूरजपुर जिले की किक बॉक्सर सुश्री निगिता यादव को दुबई में आयोजित किक बॉक्सिंग अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल होगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने निगिता के दुबई जाने के लिए स्वेच्छानुदान मद से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने सुश्री निगिता को उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर देश-प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दी हैं। निगिता यादव ने मुख्यमंत्री श्री बघेल को आर्थिक सहयोग के लिए धन्यवाद दिया है। मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान के 5 लाख रूपये की चेक शुक्रवार को कलेक्टर सुश्री इफ्फत आरा ने निगिता यादव को प्रदान किया।
गौरतलब है कि सूरजपुर निवासी 19 वर्षीय निगिता यादव, पिता लक्ष्मण यादव ने तमिलनाडु में आयोजित राष्ट्रीय किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता (वर्ग-48 किग्रा) वर्ष 2022 में रजत पदक हासिल किया था। इसके बाद उनका चयन दुबई में आयोजित किक बॉक्सिंग की अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इसके पूर्व भी उन्होंने कई प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
निगिता यादव ने बताया कि उनके पिताजी चना, फली का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। इस कारण वह अपनी प्रैक्टिस नहीं कर पा रही हैं। अपनी आर्थिक स्थिति के कारण वह देश के बाहर दुबई जाकर खेलने में समर्थ नहीं है। मुख्यमंत्री द्वारा दिए आर्थिक सहयोग से वह प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगी।
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की सियासत में दो प्रमुख केंद्र बिन्दू रहे हैं, जिसमें से एक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल है, तो दूसरे टीएस सिंहदेव। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनाने में इन दोनों ही नेताओं की भूमिका अह्म रही है, जिसका फायदा भी कांग्रेस को मिला, लेकिन भूपेश सरकार का आधा कार्यकाल बीतने के बाद से दोनों नेताओं के बीच जो तालमेल पहले नजर आता था, वह डोर एक हिस्से से कटी हुई नजर आती है। जिसकी वजह से टीएस सिंहदेव सरकार और पार्टी से अलग—थलग ही नजर आते हैं।
हाल ही में वे बिलासपुर प्रवास पर थे, इस दौरान मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि जो मुख्यमंत्री होता है, आगे भी उनकी ही संभावना बनी रहती है। एक हल्की मुस्कान बिखेरते हुए उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के लिए मेरा नंबर तो नहीं लग पाया, आगे पार्टी हाईकमान की मर्जी पर सारा कुछ निर्भर करता है। इसके साथ ही टीएस सिंहदेव ने यह भी कहा कि वे एक नागरिक हैं, और जनसेवा उनका दायित्व है, जिसका पालन वे करते रहेंगे।
बता दें कि इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने आसन्न विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने की इच्छा जाहिर की है। वे अब भी इस बात पर कायम हैं और एक सामान्य जनसेवक की तरह की काम करते रहने की इच्छा भी जाहिर कर चुके हैं। हालांकि उन्होंने एक बात स्पष्ट कही है कि उनका राजनीतिक सफर कांग्रेस से शुरु हुआ है और वे अंतिम तक कांग्रेस कार्यकर्ता की तरह ही काम करते रहेंगे।
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिला यानी कवर्धा में हिंसा भड़कने की खबर आ रही है। इस हिंसा के पीछे वजह सामाजिक झंडा का अपमान बताया जा रहा है, जिसे लेकर उग्र भीड़ ने पुलिस पर ही हमला बोल दिया है। इस हमले में पुलिस अधीक्षक की उंगली तो एएसपी का हाथ टूट गया है, वहीं थाना प्रभारी का सिर फूट गया है। मामले को शांत कराने पुलिस लगातार कोशिश कर रही है, साथ ही मौके पर कलेक्टर भी डटे हुए हैं और समाज प्रमुखों को समझाने की कोशिश जारी है।
मिल रही जानकारी के मुताबिक गोंडवाना समाज अपने सामाजिक झंडा के अपमान को लेकर उत्तेजित है और भीड़ हिंसा पर उतर आई है। जानकारी के अनुसार बेकाबू भीड़ ने पुलिस के साथ हाथापाई की है। उग्र भीड़ ने पुलिसवालों पर हमला बोल दिया। झड़प में एसपी लाल उमैद सिंह की उंगली टूट गई है, तो एएसपी का हाथ टूट गया है। झड़प के दौरान एक टीआई का सिर फूट गया है, जबकि वहीं कई पुलिसकर्मी चोटिल हो गये हैं। प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाजी में कई पुलिसवालों को गंभीर चोट आईं है। घटना स्थल पर कलेक्टर जन्मेजय मोहबे और एसपी डॉ लाल उमेद सिंह मौजूद हैं। भीड़ को समझाने की कोशिश जारी है।
गोंडवाना समाज के लोबग हजारों की संख्या में ग्राम राजा नवागांव में एकत्र हुए थे, जहां बैठक के बाद समाज के सभी मौजूद लोग एक साथ निकल पड़े। गोंडवाना समाज का आरोप है कि 14 फरवरी को दुर्गे भगत के द्वारा ग्राम हॉर्मो में गोंडवाना समाज के झंडे का अपमान किया गया था। जिला अध्यक्ष जे लिंगो के अगुवाई में दुर्गे भगत की गिरफ्तारी को लेकर ये हंगामा हो रहा है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है।
रायगढ़ जिला में शिक्षा विकास के लिए एक बड़ा कदम उठाते हुए एनटीपीसी लारा द्वारा, जिले में संचालित सभी स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम स्कूल के जीर्णोद्धार के लिए दिनांक 03.03.2022 को 6 करोड़ 36 लाख रुपया का चेक दिवाकर कौशिक, कार्यकारी निदेशक, एनटीपीसी लारा द्वारा तारण प्रकाश सिन्हा, कलेक्टर, रायगढ़ को प्रदान किया गया। एनटीपीसी द्वारा जिले में आत्मानंद स्कूल का जीर्णोद्धार के लिए कुल 15 करोड़ रुपया एनटीपीसी लारा द्वारा सामुदायिक विकास मद से प्रदान किया जाएगा। प्रथम किस्त की राशि का चेक आज प्रदान किया गया।
यहाँ यह बताना उचित होगा, एनटीपीसी लारा द्वारा सामुदायिक विकास, स्थानीय अंचल, रायगढ़ जिला एवं छत्तीसगढ़ राज्य का विकास के लिए कई कदम उठाया गया है। शिक्षा जैसी महत्वपूर्ण क्षेत्र का विकास के लिए पहेले भी एनटीपीसी लारा द्वारा रायपुर में आई आई आई टी का निर्माण किया गया है। रायगढ़ में मेडिकल कॉलेज के विकास के लिए 25 करोड़ रुपया एवं के आई टी रायगढ़ का विकास के लिए 10 करोड़ रुपया प्रदान किया गया है। इस अवसर पर कन्हेया दस, अपर महाप्रबंधक (मानव संस्थान), राजेंद्र कुमार बेहरा, उपमहाप्रबंधक (पुनर्वास एवं पुनःस्थापना) उपस्थित रहे।
कोटा/बिलासपुर। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), क्षेत्रीय कार्यालय बिलासपुर द्वारा कोटा विकासखंड के गांव सीस में 04 मार्च को आजादी का अमृत महोत्सव ‘अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस’ विषयक एकदिवसीय समेकित लोकसंपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा भारत सरकार द्वारा महिला उत्थान के लिए चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। वही महिलाओं में जागरूकता प्रसार के लिए रंगोली, पेंटिंग, प्रश्नमंच व कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के सभी वर्ग में पांच पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
इस संबंध में सीबीसी बिलासपुर के अधिकारी डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि इस अवसर पर कोटा एसडीएम व भारतीय प्रशासनिक सेवा के युवा अधिकारी वासु जैन के सहयोग से महिलाओं को उनकी उपयोगिता से संबंधित विविध प्रमाणपत्र मौके पर प्रदाय किए जाएंगे। इसमें समन्वय की भूमिका तहसीलदार शिल्पा भगत द्वारा निभाई जाएगी। खंड चिकित्सा अधिकारी की ओर से चिकित्सा परीक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग की अधिकारी सुरुचि श्याम के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महिला उत्थान के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
भारतीय डाक अधीक्षक एचआर साहू के सहयोग आधार बनाना, अपडेट करना व सुकन्या समृद्धि योजना के खाते खोले जाएंगे। भारतीय जीवन बीमा निगम के विकास अधिकारी आकाश पांडेय द्वारा महिला उत्थान के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय युवा पुरस्कार 2019-20 से सम्मानित अंकिता शुक्ला द्वारा महिला उत्थान विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया जाएगा।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिला निवासी और दिल्ली एयरपोर्ट में ऑपरेशनल अधिकारी अजयपाल ओगरे ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। बाद में उसकी पत्नी मोनिका ने भी जहर खा लिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई। परिजन दोनों के शवों को लाने के लिए रवाना हो गए हैं। उनके शव को सफदरगंज अस्पताल के मरच्युरी में रखा गया हैं।
जांजगीर-चांपा के जिले के बलौदा निवासी शिवपाल ओगरे के पुत्र अजयपाल ओगरे दिल्ली में एयरफोर्स में नौकरी कर रहा था। बाद में वीआरएस लेकर दिल्ली एयरपोर्ट में ऑपरेशनल अफसर के रूप में काम करने लगा। बीते 31 अक्टूबर 2022 को उसकी शादी मोनिका के साथ बलौदा में हुई थी। शादी के बाद दोनों पति- पत्नी दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी थाना इलाके के हुडको प्लेस स्थित मकान में रह रहे थे। उनके बीच घरेलू मामले को लेकर आए दिन विवाद हो रहा था। बुधवार को भी किसी बात को लेकर उनके बीच झगड़ा हुआ था।
इसके बाद बुधवार की देर रात अजय ने जहर खा लिया। जब उसकी पत्नी मोनिका ने उसे तड़पते देखा तो तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसकी जानकारी मोनिका ने परिजनों को दी। तब अजय का भाई उसके शव का लाने के लिए दिल्ली के लिए रवाना हुआ। वहीं बाद में पति की मौत के सदमे में आकर मोनिका ने भी जहर खा लिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई। स्थानीय पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं उनके शवों को मरच्युरी में रख गया है।
सूरजपुर। टाइगर... जिसका नाम सुनते ही पूरे शरीर में सिहरन दौड़ने लग जाती है, वही सामने आ जाए, आपका सामना हो जाए.. तो पता नहीं कि इंसान पर क्या बीते..? पर इन दिनों छत्तीसगढ़ के सरहद जिले सूरजपुर में एक टाइगर कभी गांव में तो कभी सड़कों पर चहल कदमी कर रहा है। एक बाघ को प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के सीमावर्ती जंगल मोरन के पास की सड़क पर घुमते हुए देखा गया है।
सामने आ रही जानकारी के मुताबिक बाघ के दस्तक से वन अमला अलर्ट पर है। वहीं बीते दो दिनों से बलरामपुर—सूरजपुर के सीमावर्ती जंगल में एक बाघ घूमते देखा गया है। इसी बीच प्रतापपुर जंगल के करीब बनारस रोड पर टहल रहे बाघ को स्थानीय राहगीर ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। मामले को लेकर जिले के डीएफओ संजय यादव ने वन अमले को अलर्ट रहने और ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए मुनादी कराने के निर्देश दिए हैं।
डीएफओ यादव ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से वाड्रफनगर और प्रतापपुर क्षेत्र में बाघ के पैरों के निशान नजर आए हैं। बताया जा रहा है कि टाइगर के होने के दूसरे संकेत भी मिल रहे हैं। इससे उसके होने बारे में पता चल रहा है। डीएफओ यादव का कहना है कि टाइगर अपनी भूख मिटाने के लिए जंगल से बाहर खाना ढूंढ़ने आते हैं। लिहाजा जरुरी हो जाता है कि लोग सतर्कता बरतें, ताकि वे टाइगर का ग्रास बनने से बच सकें।
रायपुर। विश्व में आज कर्ण देखभाल दिवस मनाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में 3 से 10 मार्च तक विश्व कर्ण देखभाल सप्ताह के रुप में मनाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में वर्ष 2022-23 में जनवरी माह तक दो लाख 626 लोगों के कान की जांच की गई है। इनमें 14 हजार 483 लोग बधिरता से ग्रसित पाए गए। 4,120 रोगियों की माइनर सर्जरी तथा 164 की मेजर सर्जरी की गई है।
राष्ट्रीय बधिरता रोकथाम एवं नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग के सहयोग से 2023 जरूरतमंदों को हियरिंग-ऐड प्रदान किया गया है। वहीं 3,255 मरीजों को स्पीच थैरेपी भी दी गई है। प्रदेश के विभिन्न शासकीय अस्पतालों की ओपीडी में आए बच्चों और उनके परिजनों को कर्ण संबंधी समस्याओं से बचाव व उपचार के बारे में जानकारी दी जाती है।
कर्ण रोगों के प्रति लोगों को जागरूक करने 3 मार्च से 10 मार्च तक अंतरराष्ट्रीय कर्ण देखभाल सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष का आयोजन “ईयर एंड हियरिंग केयर फॉर ऑल! लेट्स मेक इट रियालिटी की थीम पर आधारित है। इस साल की थीम प्राथमिक स्वास्थ्य संस्थाओं पर केन्द्रित करते हुए निर्धारित की गई है जिससे कान से जुड़ी सभी सेवाएं जनसमुदाय तक पहुंचाई जा सके।
डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि देश में हर वर्ष कर्ण संबंधी रोगियों की संख्या में वृद्धि हो रही है। इससे शून्य से 14 वर्ष के बच्चे अत्यधिक प्रभावित हो रहे है। अधिकांश बच्चों में माइल्डर डिग्री (Milder Degree) या यूनिलैटरल (एक कान का) हियरिंग लॉस (Unilateral Hearing Loss) देखा जा रहा है।
डॉ. नवरतन ने बताया कि लगातार खांसी-जुकाम व कान बहने जैसी समस्याओं को अनदेखा नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। अक्सर मां बच्चे को एक करवट लेटाकर दूध पिलाती है, जिससे उसकी कान की नली में दूध चला जाता है और बहरापन होने की संभावना बढ़ जाती है। मां बैठकर बच्चे को सही तरीके से दूध पिलाए और हमेशा सतर्कता बरते। कान में गंदा पानी जाने से कान में मवाद बनता है। इससे भी कान से जुड़ी समस्याएं पैदा होती हैं।
डॉ. नवरतन ने बहरेपन से बचाव के उपाय बताएं हैं जिनके पालन से इससे बचा जा सकता है। कान में नुकीली वस्तुएं नहीं डालना चाहिए। संगीत सुनते समय संगीत की ध्वनि, टीवी देखते समय टीवी की ध्वनि एवं स्टीरियो की ध्वनि के स्तर को कम रखकर सुनें। ज्यादा शोर-शराबा वाले स्थानों से बचें।
अपने कान की सफाई कराने के लिए सड़क के किनारे बैठने वाले नीम-हकीमों या अयोग्य व्यक्तियों के पास कभी न जाएं। गंदे पानी में तैराकी या स्नान करने से बचें, क्योंकि यह कान में संक्रमण पैदा कर सकता है। चिकित्सकीय सलाह के बिना अपने कान में किसी भी तरह का तेल एवं तरल पदार्थ न डालें। सुनने की क्षमता में किसी भी तरह की परेशानी महसूस होने पर जितनी जल्दी हो सके चिकित्सक से परामर्श लें।
कांकेर। छत्तीसगढ़ के चारामा के पास एक कार पूरी तरह से जलकर खाख हो चुकी है। जली हुई यह कार पखांजुर निवासी कारोबारी समीर सिकदार की बताई जा रही है। समीर अपने पूरे परिवार पत्नी जया, बेटा दीप और बेटी कृतिका के साथ धमतरी आया था। कारोबारी सिलसिले में धमतरी आया समीर नगदी 4 लाख रुपए लेकर पखांजुर लौट रहा था, लेकिन उसकी कार चारामा के पास जली हुई हालत में बरामद हुई है।
जली हुई कार का पुलिस ने मौका मुआयना किया, जिसे बाद फॉरेंसिक एक्सपर्ट की मदद ली गई। जिसमें कहा जा रहा है कि कार के भीतर किसी भी व्यक्ति के जले हुए अवशेष नहीं मिले हैं। इसका सीधा तात्पर्य है कि कार में आग लगने से पहले चारों उतर चुके थे। परिजनों के मुताबिक समीर ने रात में अपने परिजनों से बात भी की थी और पहुंचने की जानकारी भी दी थी।
फोन बंद, कोई सुराग नहीं
समीर सिकदार के साथ ही उसकी पत्नी जया का भी मोबाइल बंद बता रहा है। कार में किसी के भी जलने की पुष्टि करने के बाद अब पुलिस को सिकदार फैमली की तलाश है। पुलिस इस मामले को लेकर आसपास के गांव में भी पूछताछ कर रही है, लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं।
सवालों के घेरे में घटना
कार में आग कैसे लगी, सबसे बड़ा सवाल यह है। दूसरा यह कि समीर खुद कारोबारी है और अपने कारोबार की रिकवरी कर वह लौट रहा था, लिहाजा दूसरा सवाल यह है कि ऐसे में समीर अपने परिवार के साथ कहां गायब हो गया..? सवाल यह भी है कि कहीं समीर और उसका परिवार किसी अनहोनी का शिकार तो नहीं हो गया..? इसके अलावा भी कई सवाल हैं, जिस पर पुलिस मंथन कर रही है।
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने साल 2023 में होने वाले चुनाव को लेकर मीडिया के सामने बातों को स्पष्ट कर दिया है। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए शंखनाद होने का समय करीब आ चुका है, जिसे देखते हुए भाजपा संगठन के राष्ट्रीय नेताओं ने भी कसरत तेज कर दी है।
प्रदेश प्रभारी माथुर ने बहुत ही स्पष्ट शब्दों में कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए टिकट केवल उन्हें ही मिलेगी, जिसके जीतने की प्रबल संभावना है। इस बात के जरिए उन्होंने हारे हुए या फिर जिन नेताओं के हारने के आसार नजर आ रहे हैं, उनके टिकट कटने की बात कह दी है।
उनका दावा है कि इस बार यानी कि साल 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। इस पर पूछे गए सवाल कि मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा..? क्या फिर से भाजपा डॉ. रमन सिंह को आगे करते हुए चुनाव मैदान में उतरेगी..? इन सवालों के जवाब में माथुर ने कहा कि इस पर निर्णय केंद्रीय नेतृत्व को लेना है।
भाजपा प्रदेश प्रभारी माथुर ने कहा कि बीते 8 सालों में केंद्र की मोदी सरकार ने देश और प्रदेश में विभिन्न योजनाओं को लागू किया है, जिसका सीधा लाभ देश और प्रदेश की जनता को मिल रहा है। उन्होंने त्रिपुरा और नागालैंड के परिणामों का उदाहरण देते हुए कहा कि देश की जनता को यह बात भलीभांति पता है कि उनका फायदा किससे है। ऐसे में छत्तीसगढ़ की जनता भी समझ रही है कि आने वाले चुनाव में किसकी सरकार बनानी है, ताकि उनका आने वाला कल संवर सके।
रायपुर। छत्तीसगढ़ रीजनल साईंस सेन्टर में ‘वैश्विक भलाई के लिए वैश्विक विज्ञान’ थीम पर फोल्डस्कोप एजुकेशनल एवं अनुसंधान उपकरण’ विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया। विज्ञान दिवस पर आयोजित इस तीन दिवसीय कार्यशालाओं में छात्रों और शिक्षकों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के अनुप्रयोग से सस्ते एवं व्यवहारिक उपकरणों के उपयोग और रख-रखाव के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यशाला में फोल्डस्कोप के प्रयोग को हैण्ड-ऑन प्रशिक्षण द्वारा बहुत ही रोचक तरीके से समझाया गया। विभिन्न प्रकार के सैंपल प्लांट सेल, एनीमल सेल की स्लाइड, विभिन्न स्त्रोतों से प्राप्त किए गए जल के नमूने, बहुत से रसायनिक क्रियाओं प्राप्त होने वाले प्रोड्कस, बैक्टीरिया, फंगस, प्रोटोजोआ जैसे कई- एककोशीय एवं द्विकोशीय सूक्ष्म जीवों को फोल्डस्कोप से देखना सिखाया जो कि अत्यंत रोमांचकारी था।
वर्तमान समय में जहां माइक्रोस्कोप अत्याधिक महंगे, नाजुकता और उच्च रख-रखाव के कारण केवल प्रयोगशाला तक सीमित हो गये है। ऐसे में हमारे आस-पास के जीवन और सूक्ष्म जीवों को देखने के तरीके में बदलाव हेतु ओरिगेमी माइक्रोस्कोप - फोल्डस्कोप की जानकारी दी गई। फोल्डस्कोप ओरिगेमी प्रक्रिया से प्रेरित एक अल्ट्रा किफायती पेपर माइक्रोस्कोप है।
कार्यशाला में महानिदेशक डॉ. एस. कर्मकार ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर महान भारतीय वैज्ञानिक प्रोफेसर चंद्रशेखर वेंकटरमन को याद करते हुए उनके उत्कृष्ट वैज्ञानिक खोज रमन प्रभाव के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं में वैज्ञानिक सोच का विकास देश को नई दिशा प्रदान करता है। डॉ. कर्मकार ने
विद्यार्थियों को मानव कल्याण के लिये शोध करने के लिए प्रेरित किया।
परियोजना संचालक डॉ. शिरीष कुमार सिंह ने कहा कि राज्य के युवा वैज्ञानिक एवं विद्यार्थियों को प्रौद्योगिकी के उन क्षेत्रों का पहचान करना चाहिए, जिसमें रोजगार के नए अवसर उपलब्ध हों, जिस तरह राज्य सरकार द्वारा नरूवा, गुरुवा, घुरुवा और बाड़ी में विज्ञान एवं तकनीकी का समावेश कर मितव्ययी विज्ञान को नया स्वरूप प्रदान किया जा सकता है।
वैज्ञानिक अधिकारी प्रज्ञा कदम ने कहा कि वर्तमान समय में जहाँ भारत में संसाधनों की कमी है। ऐसे में इस तरह के सस्ते वैज्ञानिक उपकरण उन्हें विज्ञान में खोज करने हेतु वैज्ञानिक अभिरूचि जागृत करेंगे। अगर हर बच्चे के पास इस तरह का एक माइक्रोस्कोप आ जाए तो वह विज्ञान की पढ़ाई प्रयोगशाला तक सीमित न रहकर हमारे नियमित जीवनचर्या में शामिल हो जाएगा और विद्यार्थियों को निश्चय ही विज्ञान शिक्षण की ओर आकर्षित करेगा।