रायपुर
रायपुर नगर निगम में 30 जून तक प्रापर्टी टैक्स जमा करने पर मिलेगी 6.25% की छूट, आज से ऑनलाइन शुरू
रायपुर। नगर निगम रायपुर में 30 जून तक संपत्ति कर जमा करने पर 6.25 प्रतिशत छूट देने का फैसला लिया गया है। नगर निगम राजस्व विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जीआईएस आधारित ऑनलाइन संपत्ति कर प्रणाली को पुनः प्रारंभ किया जा रहा है। इसके अंतर्गत अब शहर के संपत्तिधारक संपत्ति कर ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। साथ ही, बकाएदार भी अपने लंबित संपत्ति कर एवं संबंधित देयों का समय पर भुगतान अधिक सुगम, पारदर्शी एवं सुविधाजनक ऑनलाइन भुगतान घर बैठे कर सकते हैं। बता दें कि इस वित्तीय वर्ष के लिए निगम प्रशासन ने 400 करोड़ राजस्व अर्जित करने का टारगेट तय किया है, लेकिन पिछले साल का टारगेट पूरा नहीं कर पाया है।
छत्तीसगढ़ में ‘इम्प्रूव्ड राईस स्कीम’ लागू करने की तैयारी तेज
108 संजीवनी एक्सप्रेस कर्मियों की सूझबूझ से एम्बुलेंस में हुआ सुरक्षित प्रसव, प्रसव पीड़ा बढ़ने पर रास्ते में ही कराया सुरक्षित डिलीवरी, जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ
उमा की कहानी : खेती, मछली पालन और लघु व्यवसाय कर बनीं लखपति दीदी
CM साय ने रूपनारायण सिन्हा के निवास पहुँचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी
राज्यपाल रमेन डेका से लोकभवन में दिल्ली के युवाओं ने किया संवाद
डेका ने कहा कि हमारे जीवनशैली को आधुनिक बनाने में साइंस का महत्वपूर्ण योगदान है। इसका उपयोग मानवहित में होना चाहिए। आईआईटी जैसे संस्थान देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हमारे शिक्षा संस्थानों पर हमारी समृद्ध संस्कृति और विरासत को सहेजने की जिम्मेदारी है। इस तरह के मेल-जोल के कार्यक्रम से व्यक्तित्व का विकास होता है। श्री डेका ने सभी विद्यार्थियों के छत्तीसगढ़ आगमन पर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि आप दिल्ली की हलचल भरी सड़कों से निकलकर छत्तीसगढ़ की हरी-भरी, वन-संपदा से समृद्ध, आदिवासी परंपराओं और लोक संस्कृति से सराबोर भूमि पर पधारे हैं। यह केवल एक भौगोलिक यात्रा नहीं है। यह भारत की आत्मा को समझने की यात्रा है। यह एक भारत के संकल्प को श्रेष्ठ भारत के स्वप्न में रूपांतरित करने की यात्रा है। हमारे देश की सबसे बड़ी शक्ति यही है कि यहां एक ही धरती पर सैकड़ों भाषाएं बोली जाती हैं। दर्जनों पर्व मनाए जाते हैं, असंख्य परंपराओं के बाद भी हम सब एक हैं। यही विविधता में एकता हमारे गणतंत्र की सच्ची पहचान है।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने ली समय-सीमा बैठक
बैठक में जनगणना से संबंधित कुछ स्थानों की जानकारी दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा कलेक्टर डॉ सिंह ने लोक निर्माण विभाग से प्राथमिकता वाली सड़कों की सूची की जानकारी भी ली। इस अवसर पर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा एवं दूसरे कार्यालयों के अधिकारीगण वर्चुअल रूप से तथा जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन सहित कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित शासकीय कार्यालयों के जिला स्तरीय अधिकारी भौतिक रूप से शामिल हुए।
बीएसपी ने आपातकालीन तैयारियों को लेकर कोक ओवन गैस रिसाव पर किया मॉक ड्रिल
रायपुर। सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) द्वारा विगत दिनों में रोल टर्निंग शॉप (RTS) विभाग के फोर्जिंग एवं ब्रेजिंग सेक्शन में संभावित कोक ओवन गैस रिसाव आपदा की स्थिति से निपटने हेतु सुरक्षा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में संयंत्र के कर्मियों की त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण करना तथा विभागीय आपदा प्रबंधन तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ बनाना था।
मॉक ड्रिल के दौरान महाप्रबंधक (RTS) एसके गुप्ता ने मुख्य नियंत्रक के रूप में संपूर्ण अभ्यास का नेतृत्व एवं पर्यवेक्षण किया। अभ्यास के अंतर्गत कोक ओवन गैस रिसाव की एक काल्पनिक आपात स्थिति निर्मित की गई थी, जिसके माध्यम से कर्मचारियों एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों ने नियंत्रित परिस्थितियों में समन्वित बचाव एवं सुरक्षा उपायों का सफलतापूर्वक अभ्यास किया।
इस मॉक ड्रिल के सफल संचालन में विभिन्न विभागों एवं सुरक्षा एजेंसियों की सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग महत्वपूर्ण रहा। इस कार्यक्रम में अग्निशमन सेवा विभाग से अतिरिक्त मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजय धवस, गैस सेफ्टी विभाग से विजय देवांगन, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) से एसके पाण्डेय, सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग से केआर. साहू, सहायक महाप्रबंधक एवं विभागीय सुरक्षा अधिकारी (RSM) सुनील शुक्ला, मानव संसाधन (मिल्स जोन-2) से अनुराधा साहा, सिविल डिफेंस से स्वतंत्र कुमार सहित आरटीएस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मॉक ड्रिल के उपरांत एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय तथा अपनाई गई सुरक्षा प्रक्रियाओं की गहन समीक्षा की गई। बैठक में उपस्थित प्रतिभागियों द्वारा कार्यस्थल सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन व्यवस्था को भविष्य में और अधिक प्रभावी व सुदृढ़ बनाने हेतु महत्वपूर्ण सुझाव एवं अवलोकन भी साझा किए गए। यह मॉक ड्रिल भिलाई इस्पात संयंत्र की कार्यस्थल सुरक्षा, आपदा प्रबंधन क्षमता एवं सतत सुरक्षा सुधार के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
रायपुर स्टेशन में चला प्लास्टिक मुक्त स्टेशन अभियान
रायपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रायपुर रेलवे स्टेशन पर ‘प्लास्टिक मुक्त स्टेशन’ स्वच्छता अभियान का आज उत्साहपूर्ण माहौल में सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर संपन्न हुआ।
इस विशेष पहल के तहत कुली भाइयों, स्वच्छता कर्मियों के साथ-साथ रेलवे के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को पर्यावरण के अनुकूल (इको-फ्रेंडली) कपड़े के थैलों का वितरण किया गया। प्लास्टिक का उपयोग कम करके पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज तक पहुंचाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य था।
कार्यक्रम में शुभांगी आप्टे (ब्रांड एंबेसडर - नो प्लास्टिक कैंपेन ‘मोर रायपुर’ एवं स्वच्छता अभियान एंबेसडर, नगर निगम रायपुर, छत्तीसगढ़) मुख्य रूप से उपस्थित थीं। उनके कर-कमलों द्वारा कपड़े के थैलों का वितरण किया गया और उन्होंने उपस्थित लोगों के बीच स्वच्छता एवं पर्यावरण सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाई।
इस अवसर पर आदरणीय मुख्य स्टेशन अधीक्षक, रायपुर, संजय आप्टे, अर्चना जतकर, अपर्णा पेंडसे विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शामिल सभी कर्मचारियों और गणमान्य व्यक्तियों ने प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाने का संकल्प लिया
सेवा समिति और सामाजिक कल्याण संस्था ने राहगीरों को पिलाया मठा
रायपुर। राजधानी रायपुर की सेवा समिति और सामाजिक कल्याण संस्था छत्तीसगढ़ सदस्यों ने भीषण गर्मी में अपनी निस्वार्था सेवा भावना के साथ राहगीरों को मठा-छाछ और पानी पिलाया। भारतमाता चौक के पास समिति के सदस्यों ने राहगीरों को मठा वितरित किया।
सेवा समिति और सामाजिक कल्याण संस्था छत्तीसगढ़ के संस्थापक अध्यक्ष सी नागेश्वर राव ने बताया कि वे किसी कार्यवश आज के सेवाभावी कार्यों में शामिल नहीं हो पाए। लेकिन समिति के सदस्यों ने राहगीरों, वाहन चालकों, आटो रिक्शा वाले, बाइक चालकों को मठा और शीतल पेयजल पिलाया। जो इस भीषण गर्मी से राहत देने में काफी मददगार साबित हुई। 45 डिग्री के तापमान में शिद्दत, लगन और निस्वार्थ भाव से समिति के सदस्यों ने अपने परिवार को साथ लेकर मट्ठा-छाछ, पानी वितरण जैसे पुनीत कार्य को सफल बनाया।
इस पुनीत कार्य में सी नागेश्वर राव, वीएस प्रकाश, एम गणेश, सी श्रीलक्ष्मी, राजेंद्र कुसुम, संजय साहू, सुलेखा साहू, रीना कुसुम, प्राची, अद्वैत, सुधा रानी, संदीप वर्मा, मंगेश ध्रुव और अन्य सेवा समिति सदस्य शामिल हुए।
प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर वित्त मंत्री चौधरी ने दी शुभकामनाएं
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद पर ऐतिहासिक 12 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘प्रधान सेवक’ के रूप में राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित सफल 12 वर्ष पूर्ण होने पर हार्दिक बधाई एवं अभिनंदन व्यक्त किया है। वहीं वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि 26 मई 2014 से शुरू हुआ यह 12 वर्षों का कार्यकाल देश के इतिहास में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प का जीवंत प्रतीक रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि बीते 12 वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने शासन की सोच और कार्यशैली को बदलते हुए सेवा, सुशासन और अंत्योदय की भावना को केंद्र में रखा तथा यह सुनिश्चित किया कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, महिला, युवा, वंचित और जनजातीय समाज के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का जो संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिया, वह आज देश के कोने-कोने में दिखाई देता है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज भारत आत्मविश्वास, सुरक्षा और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित कर रहा है। मजबूत अर्थव्यवस्था, आधुनिक अधोसंरचना, डिजिटल क्रांति, आत्मनिर्भरता, राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक समावेशन की दिशा में देश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। विकसित भारत @2047 का संकल्प आज जनभागीदारी और विश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं ने समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाया है। जनधन योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीबों, किसानों और माताओं-बहनों के जीवन को गरिमापूर्ण बनाया है। डिजिटल इंडिया अभियान ने युवाओं के लिए संभावनाओं के नए द्वार खोले हैं और देश में अभूतपूर्व पारदर्शिता सुनिश्चित की है।
वित्त मंत्री ने आगे कहा कि यह कालखंड देश के नव-निर्माण और “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से आगे बढ़ाने वाला रहा है। इन 12 वर्षों में भारत ने वैश्विक पटल पर विकास, सुशासन, डिजिटल परिवर्तन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अद्वितीय राष्ट्र-समर्पण, निरंतर जनता-सेवा और सुशासन के लिए उनका हार्दिक अभिनंदन करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
‘अपनापन’ के विमोचन समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नई दिल्ली स्थित पूसा परिसर में आयोजित केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पुस्तक ‘अपनापन’ के विमोचन समारोह में शामिल हुए। यह पुस्तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ चौहान के सार्वजनिक जीवन, आत्मीय संबंधों और कार्य अनुभवों पर आधारित है, जिसमें नेतृत्व, जनसेवा और व्यक्तिगत संवेदनाओं को प्रेरक एवं भावनात्मक शैली में प्रस्तुत किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिवराज सिंह चौहान को पुस्तक के प्रकाशन पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन के अनुभवों को पुस्तक के माध्यम से समाज तक पहुंचाना एक प्रेरणादायी पहल है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास जनप्रतिनिधियों के अनुभवों, कार्यशैली और जनसेवा के मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में जनसेवा, सुशासन और संवेदनशील नेतृत्व की नई कार्यसंस्कृति विकसित हुई है। इस पृष्ठभूमि में सार्वजनिक जीवन के अनुभवों पर आधारित यह पुस्तक निश्चित रूप से पाठकों को प्रेरित करेगी तथा नेतृत्व और समाजसेवा के विभिन्न आयामों को समझने का अवसर प्रदान करेगी। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्रीगण, देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, जनप्रतिनिधि और अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
एनआईटी रायपुर में “ग्लोबल कोलैबोरेशन एंड एकेडमिक एक्सचेंज” पर राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित
रायपुर। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-एआई) के माध्यम से “टैक्टिकल टैसिट नॉलेज” को दृश्य रूप में प्रस्तुत कर जटिल मानवीय अनुभवों और विशेषज्ञता को वैज्ञानिक मॉडल में बदला जा सकता है। जापान की एहिमे यूनिवर्सिटी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अकीरा यामानाका ने सोमवार को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी-एनआईटी), रायपुर में आयोजित “ग्लोबल कोलैबोरेशन एंड एकेडमिक एक्सचेंज” विषयक एक दिवसीय सेमिनार में यह बात कही। उन्होंने कहा कि टैसिट नॉलेज संदर्भ आधारित, समय-संवेदी और गैर-मौखिक प्रकृति का होता है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन होता है। इसे स्पष्ट करते हुए उन्होंने एक अनुभवी रसोइए का उदाहरण दिया, जो बिना किसी औपचारिक निर्देश के यह समझ लेता है कि भोजन कब पूरी तरह तैयार हो चुका है।
सेमिनार में एनआईटी रायपुर के निदेशक डॉ. एन. वी. रमना राव, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) हैदराबाद के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर (एचएजी) डॉ. सी. कृष्णा मोहन तथा एनआईटी मणिपुर के निदेशक डॉ. डी. वी. एल. एन. सोमयाजुलु मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संस्थान के फैकल्टी सदस्यों और शोधार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम का समन्वयन कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. दिलीप सिंह सिसोदिया ने किया।
डॉ. अकीरा यामानाका ने अपने व्याख्यान में ह्यूमन इंटरफेस, एआई प्रोसेसिंग और हार्डवेयर सेंसर पर आधारित “थ्री-टियर आर्किटेक्चर” की अवधारणा प्रस्तुत की। उन्होंने एस.ई.सी.आई. मॉडल — समाजीकरण, बाह्यकरण, संयोजन और आत्मसात्करण — पर आधारित अपने शोध का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रणाली व्यक्तिगत अनुभव आधारित विशेषज्ञता पर निर्भरता को कम करती है। उन्होंने बताया कि उनकी प्रणाली हार्डवेयर सेंसर और भौतिक ट्रैकिंग से प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण कर उन्हें वस्तुनिष्ठ मॉडल और सिमुलेशन में परिवर्तित करती है।
एनआईटी रायपुर के निदेशक डॉ. एन. वी. रमना राव ने अपने संबोधन में कहा कि वैश्विक शैक्षणिक सहयोग उच्च शिक्षा और अनुसंधान को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि मजबूत अंतरराष्ट्रीय साझेदारी से अनुसंधान अनुदान और वित्तीय सहायता प्राप्त करना अधिक सहज हो जाता है। जापान से आए प्रथम विजिटिंग एक्सपर्ट के रूप में डॉ. यामानाका का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सहयोग से संस्थानों को वैश्विक पहचान और अनुसंधान के नए अवसर प्राप्त होते हैं।
डॉ. सी. कृष्णा मोहन ने एहिमे यूनिवर्सिटी और आईआईटी हैदराबाद के बीच सफल अकादमिक सहयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी अनुभव के आधार पर उन्होंने एनआईटी रायपुर और जापानी संस्थानों के बीच वर्तमान एकेडमिक एक्सचेंज का प्रस्ताव रखा था। उन्होंने कहा कि डॉ. यामानाका विभिन्न विषयों में फैकल्टी और छात्र विनिमय कार्यक्रमों को सक्रिय समर्थन दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि एआई मानव विशेषज्ञों का विकल्प नहीं, बल्कि उन्हें वैकल्पिक दृष्टिकोण प्रदान करने वाला प्रभावी माध्यम है।
एनआईटी मणिपुर के निदेशक डॉ. डी. वी. एल. एन. सोमयाजुलु ने कहा कि इस प्रकार के समर्पित अंतरराष्ट्रीय सहयोग भारतीय तकनीकी संस्थानों को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल भारतीय विद्यार्थियों के लिए जापान में अध्ययन और शोध के नए अवसर उपलब्ध कराएगी तथा जापानी छात्रों के लिए भी भारत में अकादमिक आदान-प्रदान का मार्ग प्रशस्त करेगी।
पद्मश्री सम्मान से अलंकृत गोडबोले दंपति की निस्वार्थ सेवा को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बताया छत्तीसगढ़ का गौरव
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर डॉ. रामचंद्र गोडबोले एवं श्रीमती सुनीता गोडबोले को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सेवा भावना समाज में करुणा, दायित्वबोध और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा को और मजबूत करेगी।
कबीरधाम और राजनांदगांव जिलों में हल्की आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट
इबोला वायरस को लेकर छत्तीसगढ़ में अलर्ट, रायपुर एयरपोर्ट पर नोडल अफसर नियुक्त
रायपुर। अफ्रीका में तेजी से फैल रहे इबोला वायरस संक्रमण को लेकर छत्तीसगढ़ पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती चिंता को देखते हुए रायपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने पत्र जारी कर स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर तत्काल एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आधिकारिक निर्देश में कहा गया है कि इबोला संक्रमण की रोकथाम, यात्रियों की स्वास्थ्य जांच और आवश्यक प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए एयरपोर्ट परिसर में विशेष निगरानी रखी जाए। नियुक्त होने वाले नोडल अधिकारी का मुख्य दायित्व एयरपोर्ट पर उतरने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग व्यवस्था का समन्वय करना होगा। इसके अलावा संदिग्ध मरीजों की पहचान कर तत्काल स्वास्थ्य विभाग को रिपोर्ट करना, उनके लिए आइसोलेशन और रेफरल व्यवस्था सुनिश्चित करना भी इसी विंग की जिम्मेदारी होगी।
वैश्विक स्तर पर विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, कांगो और युगांडा में फैले बंडीबुग्यो स्ट्रेन के इबोला संक्रमण के मामले खतरनाक रफ्तार से बढ़ रहे हैं। वहां कई क्षेत्रों में सैकड़ों संदिग्ध मामले सामने आए हैं और बड़ी संख्या में मौतें दर्ज हो चुकी हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारत सरकार ने भी सतर्कता बढ़ा दी है और कांगो, युगांडा तथा दक्षिण सूडान की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सख्त एडवायजरी जारी की है। विदेश और स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपील की है कि यदि कोई यात्री इन देशों से लौटा है और उसे बुखार, कमजोरी, उल्टी या शरीर में दर्द जैसे लक्षण हों, तो वह तुरंत डॉक्टरों से संपर्क करे।
नौतपा का पहला दिनः तपा छत्तीसगढ़, राजधानी का पारा 45 पार. अलर्ट जारी
रायपुर। नौतपा के पहले दिन 25 मई को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित पूरा प्रदेश भीषण गर्मी से तपा। पूरा छत्तीसगढ़ भीषण लू (Heatwave) की चपेट में रहा। मौसम विभाग ने राजधानी समेत प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। नौतपा के पहले दिन रायपुर का तापमान 45 डिग्री को पार कर गया।
25 मई से वर्ष के सबसे गर्म 9 दिनों की शुरूआत हो गई। पहले दिन सूरज की तपन देखने को मिली। वहीं शाम होते कई स्थानों पर बादल भी नजर आए। राजधानी रायपुर में सुबह से ही आसमान से आग बरसने लगी और अधिकतम तापमान 45.2°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी अधिक है। चिलचिलाती धूप और गर्म थपेड़ों (लू) के कारण दोपहर के समय शहर की मुख्य सड़कें और बाजार पूरी तरह सुनसान नजर आए।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण बिहार और उसके आसपास स्थित है। एक द्रोणिका दक्षिण बिहार से उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। बंगाल की खाड़ी से नमी का आगमन प्रारंभ हो रहा है। इसके चलते प्रदेश में कल दिनांक 26 मई को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है, किन्तु अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट संभावित है।
भीषण गर्मी का सीधा असर आम जनजीवन और स्वास्थ्य पर दिखने लगा है। रायपुर के आंबेडकर अस्पातल सहित अन्य अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त और हीट स्ट्रोक (लू लगना) के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने एडवायजरी जारी की है। प्रशासन ने दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक बिना किसी आपातकालीन कार्य के सीधे धूप में निकलने से बचने की अपील लोगों की है। धूप में बाहर जाते समय सिर और चेहरे को सूती कपड़े या टोपी से जरूर ढकने कहा है। वहीं ओआरएस (ORS) घोल, नींबू पानी, छाछ और लिक्विड डाइट का अधिक सेवन करने की अपील भी की है।