रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना अभी खत्म नहीं हुई है। शनिवार को बिलासपुर के व्यापार विहार में रहने वाली 43 वर्षीय कोरोना संक्रमित महिला की मौत हो गई है। उसका इलाज बीते 10 दिनों से शहर के अलग-अलग निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। मृतक महिला के 21 साल बेटे के भी कोरोना पाजिटिव होने की पुष्टि की गई है।
व्यापार विहार के श्रीराम टावर के पास रहने वाली 43 वर्षीय महिला की तबीयत बीते 10 दिनों से खराब थी। वह सर्दी, खांसी, बुखार से पीड़ित थी। जिसके हालत में सुधार नहीं हो पा रहा था। 16 मार्च को सिम्स के पास स्थित एक निजी अस्पताल में उसे गंभीर हालत में भर्ती किया गया। जांच में उसका आक्सीजन लेवल 40 पाया गया। वहीं लक्षण से उसके कोरोना पाजिटिव होने की आशंका भी बढ़ गई। ऐसे में अस्पताल प्रबंधन ने उसका आरटीपीसीआर कोरोना टेस्ट कराया। 18 मार्च की शाम उसकी मौत हो गई।
कोरोना से मौत की पुष्टि करते हुए सीएमएचओ डा. अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि शहर के एक निजी अस्पताल में एक महिला की मौत कोरोना से हुई है। उसकी आरटीपीसीआर से जांच में कोरोना की पुष्टि की गई थी। क्षेत्र में ट्रेसिंग कराई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम व्यापार विहार में सक्रिय हो गई है। सोमवार को ट्रेसिंग टीम क्षेत्र में जाकर आसपास के घरों का सर्वे करेगी। साथ ही महिला के संपर्क में आने वालों का कोरोना सैंपल लिया जाएगा।