छत्तीसगढ़ में करंट की चपेट में आए पांच मजदूर, तीन की मौत, दो गंभीर
2023-03-27 10:41 AM
256
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में सड़क निर्माण कार्य में लगे पांच मजदूर 11 केवी तार की चपेट में आ गए। बिजली तार के संपर्क में आने से तीन मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दो मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है। तीनों मृत मजदूरों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं गंभीर रुप से घायल दो मजदूरों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सक्ती जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खम्हरिया में सीसी रोड निर्माण कार्य चल रहा था। इस दौरान रविवार शाम को करीब पांच बजे काम खत्म करने के बाद काम में लगे पांच मजदूर मिक्सचर मशीन को खींचते हुए दूसरे स्थान पर ले जा रहे थे। इस दौरान मशीन का ऊपरी हिस्सा पास से गुजरे 11केवी बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। 11केवी लाइन के संपर्क में आते ही सभी पांच मजदूरों को जोरदार कंरट लगा।

सभी बुरी तरह झुलस गए। तीन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक मजदूरों का नाम राजकुमार सेवक (28), प्रेमलाल महिलांगे (20), अजय सिंह (22), बताया जा रहा है, वहीं परउ साहू (62), नंदलाल सिदार (27) को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंच पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहीं तीन मृत मजदूरों के शव को पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया।