कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई है, तो एक युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसे उपचार के लिए दाखिल कराया गया है। जानकारी के मुताबिक हादसा बीती रात का है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बाइक की रफ्तार बहुत तेज थी, अंधेरा होने की वजह से युवकों ने खड़े ट्रक पर गौर नहीं किया और सीधे जाकर धंस गए। मामला पिपरिया थाना अंतर्गत दशरंगपुर चौकी इलाके का है।
हादसे के शिकार हुए युवकों के नाम कमलेश टंडन, संतोष सोनकर और अरविंद है। बाइक सवार तीनों युवक बेमेतरा से कवर्धा की ओर जा रहे थे। रात के 10.30 बजे के करीब यह हादसा हुआ है। अंधेरा होने की वजह से बाइक चला रहा युवक सड़क पर खड़े ट्रक को नहीं देख सका और पूरी रफ्तार से उसमें जा घुसा। हादसे में 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। मृत युवकों के नाम कमलेश टंडन और संतोष सोनकर हैं, जो बेमेतरा जिले के रहने वाले थे। घायल युवक का नाम अरविंद है, वो भी बेमेतरा का ही रहने वाला है। पुलिस ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने कहा कि घटना के वक्त तीनों युवकों ने शराब पी रखी थी, साथ ही उन्होंने हेलमेट भी नहीं लगाया था, जिसकी वजह से उनके सिर पर गंभीर चोट आई है।