#Watch Video : वैशाली नगर विधानसभा पहुंचे सीएम बघेल... गुरुनानक सरोवर के पास मिलेट्स कैफे का किया लोकार्पण... कही यह बड़ी बात
2023-04-08 01:27 PM 297
दुर्ग। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शनिवार को भी दुर्ग जिले के प्रवास पर हैं। शुक्रवार को उन्होंने दुर्ग शहर और दीपक नगर में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था, इसके बाद राजधानी लौट आए थे। आज सुबह एक बार फिर उन्होंने दुर्ग के लिए उड़ान भरी और वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने प्रदेश के अभी भेंट-मुलाकात अभियान के तहत आज दुर्ग जिले के वैशाली नगर विधानसभा के गुरुनानक जी सरोवर के समीप मिलेट्स कैफे का लोकार्पण किया। इस अवसर पर वन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर, विधायक देवेन्द्र यादव, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि मिलेट्स कैफे खुलने के बाद अब यहां के लोगों की थाली में पौष्टिक व्यंजन उपलब्ध होंगे, लोगों को स्वादिष्ट व्यंजन मिलने के साथ ही एक स्वस्थ छत्तीसगढ़ का सपना भी साकार हो सकेगा।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ के साथ ही देशभर में मिलेट्स को काफी ज्यादा महत्व दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी मिलेट्स के उपयोग को बढ़ाने पर जोर दिया है। राष्ट्रीय स्तर पर मिलेट्स को श्रीअन्न का नाम दिया गया है। प्रधानमंत्री मोदी के साथ ही छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी प्रदेश की जनता से अपनी थाली में स्वाद और सेहत के लिए मिलेट्स के ज्यादा से ज्यादा उपयोग की अपील की है।