राजिम में अवैध रेत उत्खनन पर विधायक की बड़ी कार्रवाई
2025-09-15 09:29 AM
47
राजिम। अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को रोकने के लिए राजिम विधायक रोहित साहू खुद सड़क पर उतर आए। देर रात 12 बजे ग्राम बोरसी के पास विधायक ने अवैध रेत से भरी दो हाइवा वाहनों को बीच सड़क में रोक लिया।
सूचना मिलते ही राजिम एसडीएम और फिंगेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंचे। विधायक ने दोनों वाहनों को पुलिस के हवाले किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध उत्खनन और परिवहन करने वालों पर तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए।
विधायक साहू ने कहा कि लगातार चेतावनी और कार्रवाई के बाद भी इलाके में अवैध रेत खनन और परिवहन बंद नहीं हुआ है। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है और राजस्व को भी भारी नुकसान हो रहा है।
गौरतलब है कि बीते दिनों से फिंगेश्वर-राजिम क्षेत्र में रेत खनन का अवैध कारोबार तेजी से बढ़ा है। इसको लेकर स्थानीय लोगों ने भी कई बार आपत्ति जताई थी। लेकिन सोमवार देर रात विधायक की इस कार्रवाई के बाद प्रशासन हरकत में आया है।