जांजगीर चांम्पा में मसालों की खेती से बढ़ी आमदनी
2025-09-24 09:05 AM
44
जांजगीर चांम्पा| अब किसानों का रुझान परंपरागत फसलों से हटकर मसालों की खेती की ओर बढ़ रहा है। मसालों की खेती से किसान आत्मनिर्भर हो रहे हैं और उनकी आमदनी लगातार बढ़ रही है। जांजगीर-चाम्पा जिले के किसान भी इस दिशा में बड़ी सफलता पा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में मसालों की खेती का दायरा लगातार बढ़ रहा है। राज्य में अभी लगभग 66 हजार हेक्टेयर में मसालों की खेती हो रही है, जिससे 4 लाख 50 हजार मीट्रिक टन से अधिक उत्पादन मिल रहा है।
जांजगीर-चाम्पा जिले के बलौदा जनपद ग्राम जर्वे (च) में हल्दी और अदरक की खेती किसानों के लिए आय का नया साधन बन रही है।राज्य पोषित मसाला क्षेत्र विस्तार योजना के तहत किसानों को अनुदान का लाभ मिल रहा है।
रामधन कश्यप, सुखीराम कश्यप और केदारनाथ कश्यप जैसे प्रगतिशील किसान अब धान की बजाय हल्दी की खेती कर सालाना लाखों की आमदनी कमा रहे हैं। किसानों का कहना है कि उद्यान विभाग से समय-समय पर मार्गदर्शन और सहयोग मिलने से यह संभव हो पाया है।