छत्तीसगढ़

दरभा डिविजन कमेटी ने ली... अरनपुर हमले की जिम्मेदारी... तो, पुलिस और युवाओं से की अपील

रायपुर। दंतेवाड़ा के अरनपुर क्षेत्र में बुधवार को किए गए आईईडी ब्लास्ट को लेकर दरभा डिविजन कमेटी ने प्रेस नोट जारी किया है, जिसमें उन्होंने हमले की जिम्मेदारी ली है। विदित है कि इस हमले में डीआरजी के 10 जवान और 1 ड्राइवर शहीद हुए हैं। दरभा डिविजनल कमेटी के सचिव साईंनाथ ने पत्र जारी कर जिम्मेदारी लेते हुए इसे राज्य सरकार के हमलों का जवाब बताया है। नक्सलियों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर आरोप भी लगाया है। इसके साथ ही पुलिस और युवाओं से की अपील भी की है।
 
 

विदित है कि बुधवार को माओवादियों ने दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर में एक बड़े हमले को अंजाम दिया है, जिसकी वजह से डीआरजी के 10 जवान शहीद हो गए हैं। नक्सली हमले को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. भूपेश बघेल से तत्काल फोन पर चर्चा की थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने अपने कर्नाटक दौरे को स्थगित कर दंतेवाड़ा जाने का फैसला लिया और आज उन्होंने करली पुलिस लाइन पहुंचकर शहीद जवानों को श्रद्धां​जलि दी और उनके पार्थिव देह को कांधा देकर उनके गृहग्राम के लिए रवाना किया। 
 

इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. बघेल ने दंतेवाड़ा में खुलेआम कहा कि उन्हें अपने जवानों पर गर्व है, उनकी शहादत किसी भी हाल में व्यर्थ नहीं जाएगी, बल्कि इसकी कीमत नक्सलियों को चुकानी होगी। हालांकि उन्होंने नक्सलियों के लिए एक दरवाजा खुला रखा है कि यदि वे चाहे तो सरकार उनसे बात करने के लिए तैयार है, लेकिन उन्हें भारत के संविधान के तहत ही चलना होगा। 
 

इधर मुख्यमंत्री का बयान आया, जिसके बाद माओवादियों ने अरनपुर हमले की जिम्मेदारी लेते हुए एक प्रेस नोट जारी कर दिया। इस प्रेस नोट में जहां सरकार के हमलों का जवाब देना कहा गया है, तो दूसरी तरफ नक्सलियों के द्वारा जारी पत्र में युवाओं से पुलिस में भर्ती नहीं होने की अपील की गयी है। इसके अलावा नक्सलियों ने पुलिस वालों से भी अपील करते हुए लिखा है कि राज्य और केंद्र सरकार आपको औजार कि तरह इस्तेमाल करते हैं। लुटेरे वर्ग के सेवा के लिए उत्पीडित हो रही जनता के हमलों पर भाग न लीजिये, आप लोग जनता के पक्ष में रहिये।