छत्तीसगढ़

अरनपुर हमले के बाद सांसद सरोज पांडेय का बड़ा बयान... कहा, गृहमंत्री अमित शाह यूं ही नहीं कोई बात कहते

कांकेर। छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रखर नेत्री और राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय का नक्सलवाद को लेकर बड़ा बयान आया है। यह बयान तब आया है, जब दंतेवाड़ा में माओवादियों ने एक बड़े हमले को अंजाम दिया है, जिसमें नक्सल मोर्चे पर तैनात डीआरजी के 10 जवान शहीद हो गए हैं। उन्होंने अपने बयान में कहा कि गृहमंत्री अमित शाह ने यदि बयान दिया है, तो उसके पीछे बड़ी वजह है। 

भाजपा नेत्री और राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय गुरुवार को कांकेर जिले के दो दिवसीय प्रवास पर पहुंची हैं। इस दौरान उन्होंने नक्सलवाद पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दंतेवाड़ा नक्सली हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जो ये बयान दिया है कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई अब अपने अंतिम चरण में है, वो बिल्कुल सही है।
 

सांसद सरोज पांडेय से पत्रकारों ने सवाल किया था कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नक्सलवाद के साथ लड़ाई का अंतिम चरण बताया था, जबकि 26 अप्रैल को दंतेवाड़ा में इतना बड़ा हमला हो गया, जिसमें 10 जवानों समेत 11 लोगों की मौत हो गई। इस पर राज्यसभा सांसद ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री जो भी बयान देते हैं, वो बहुत सोच-समझकर देते हैं। अगर उन्होंने ऐसा कहा है तो निश्चित ही जल्द नक्सलवाद का खात्मा होगा।
 
 

सरोज पांडेय ने कहा कि बहुत सी बातों को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता है, लेकिन नक्सलवाद के खात्मे को लेकर केंद्र सरकार पूरी इच्छाशक्ति के साथ काम कर रही है और प्रदेश सरकार को भी हरसंभव मदद दे रही है। बता दें कि दंतेवाड़ा में हुए नक्सली हमले में बड़ी संख्या में जवानों की शहादत ने एक बार फिर उनके बैकफुट पर होने और नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई अंतिम दौर में होने के दावों पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है।