CG CRIME : बहू के गर्भपात पर ससुराल वालों ने... मायके वालों को दी धमकी... खौफ में परिवार ने कर ली जहरखुरानी
2023-07-08 02:23 PM
379
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के चिचोली गांव से सामने आई खबर के मुताबिक एक परिवार के चार लोगों ने जहरखुरानी कर ली है। जिसके बाद चारों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार जारी है।
इस जहरखुरानी के पीछे जो वजह सामने आई है, उसके मुताबिक जिस परिवार के चार सदस्यों ने एक साथ मौत को गले लगाने की कोशिश की, उनकी बेटी की शादी भाटापारा में हुई है। शादी के बाद बेटी जब गर्भवती हो गई, तो डिलीवरी के लिए वह मायके आई हुई थी, लेकिन किसी कारण से उसका गर्भपात हो गया।
इस बात की जानकारी जब ससुराल वालों को लगी, तो उन्होंने गर्भपात का पूरा आरोप बहू के मायके वालों पर मढ़ दिया और उनके खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराने की धमकी दे डाली। इस धमकी का बेटी के परिजनों पर इतना खौफ छा गया कि उन्होंने जहर खाकर खुदकुशी करने की कोशिश कर डाली।
पूरा मामला मामला नांदघाट थाना क्षेत्र का है, जहां बेमेतरा जिले के चिचोली ग्राम में रहने वाले वीरेंद्र यादव के परिवार के 4 लोगों ने शुक्रवार रात को जहरीला कीटनाशक दवा खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। फुलेश्वरी यादव की शादी भाटापारा में नंदलाल यादव के बेटे के साथ हुई है, वो अपनी डिलीवरी के लिए अपने मायके चिचोली आई हुई थी। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बलौदाबाजार जिला रेफर कर दिया गया है।