छत्तीसगढ़

CG CRIME : अपने बेटे को लेकर ट्रेन के सामने कूद गई महिला... बच्चे की कटकर मौत... महिला गंभीर

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक महिला अपने मासूम बेटे को लेकर सुसाइड करने ट्रेन के सामने कूद गई। इस घटना में छह साल के बच्चे की मौत हो गई। महिला गंभीर रूप से घायल है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना तोरवा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक सकरी थाना क्षेत्र के घुरू-अमेरी में रहने वाली निशा मधुकर (26) तिफरा में कपड़े की दुकान चलाती थी। महिला अपने पहले पति को छोड़ दी थी। फिर बाद में दूसरी शादी कर ली थी। वह दूसरे पति के साथ ही रहती थी। महिला का छह साल का बेटा देवांश पहले पति हरनारायण मधुकर के साथ रहता था। तीन माह पहले ही वह बेटे को साथ लेकर आई थी। मंगलवार दोपहर वह बेटे को लेकर लालखदान ओवरब्रिज की तरफ गई थी। इस दौरान दोनों काफी देर तक रेलवे ट्रैक के आसपास घूम रहे थे।

टीआई सुनील तिर्की ने बताया कि अभी महिला के सुसाइड की कोशिश करने के कारणों का पता नहीं चल सका है। दो दिन पहले बच्चे का पिता हरनारायण मिलने आया था। इसी दौरान उसके पहले पति से विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि, महिला के होश में आने के बाद ही उसका बयान होगा और घटना के कारणों का पता चल सकेगा।