रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब तक हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस ही सफलतापूर्वक सरकार बना पाई है। तीसरे दल पर जनता का भरोसा अब तक नहीं बन पाया है। यहां तक कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. अजीत जोगी की पार्टी को भी साल 2018 के चुनाव में चंद सीटों से संतुष्ट होना पड़ा था। इस बीच खबरें आम हो रही हैं कि कांग्रेस और भाजपा के घमासान के बीच आम आदमी पार्टी के बाद अब अंबेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया (API) भी सभी 90 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े करने वाली है। जिसके लिए अंबेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय मानकर (Vijay Mankar) छत्तीसगढ़ के दौरे पर हैं। वे लगातार संभागों के दौरे कर रहे हैं।
बस्तर संभाग के कोंडागांव (Kondagaon) जिला पहुंचे विजय मानकर ने यहाँ से 2023 चुनाव का शंखनाद किया। उन्होंने बस्तर संभाग की 12 विधानसभा सीटों के साथ पूरे प्रदेश की 90 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। अंबेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया (Ambedkarite Party of India) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय मानकर ने बताया कि उन्होंने छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान आम जनता से बातचीत की और पाया कि जनता कांग्रेस और बीजेपी के अलावा प्रदेश में तीसरा विकल्प ढूंढ रही है। राज्य गठन के बाद से बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही राष्ट्रीय पार्टी के नेताओं ने सत्ता हासिल कर छत्तीसगढ़ जनता के साथ छलावा किया है।
विफलता गिनाकर मैदान जीतने का दावा
विजय मानकर का कहना है कि कोंडागांव जिले के फ़रसगांव से साल 2023 के चुनाव का शंखनाद कर दिया गया है। पार्टी के कार्यकर्ता ज्यादा से ज्यादा लोगों को अपनी पार्टी में जोड़ने के लिए काम कर रहे हैं। आने वाले समय में पार्टी में शामिल करने के लिए सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। बीजेपी और कांग्रेस सरकारों की विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
प्रत्याशी तलाश रही एपीआई
विजय मानकर ने कहा कि आने वाले कुछ महीनों के बाद सभी 90 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। फ़िलहाल बस्तर संभाग की 12 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी की तलाश जारी है। इससे पहले पार्टी में कार्यकर्ताओं को जोड़ने के लिए सदस्यता अभियान पर पार्टी के सभी पदाधिकारी फोकस किए हुए हैं।