अभिनव वाचक स्पर्धा 2024 में भिलाई में माधवी और रायपुर में स्मिता रही प्रथम
- मध्य प्रदेश मराठी अकादमी द्वारा 22 सितंबर को आयोजित हुई थी स्पर्धा
रायपुर। मध्य प्रदेश मराठी अकादमी की ओर से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 22 सितंबर 2024 को अभिनव पुस्तक वाचन स्पर्धा का आयोजन किया गया था। इस स्पर्धा में रायपुर महाराष्ट्र मंडल सहित बिलासपुर, दुर्ग, कोरबा और भिलाई के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। सभी विजेताओं को महाराष्ट्र मंडल सेक्टर-4 में आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में इंदौर की मुख्य समिति के पदाधिकारी विशेष रुप से उपस्थित थे। विजेताओं को लंदन से पहुंची शारदा जिरापुरे ने पुरस्कृत किया।
स्पर्धा में रायपुर महाराष्ट्र मंडल के 12 सदस्यों ने भाग लिया था। जिसमें से 78 फीसद अंक के साथ स्मिता चान्दे प्रथम स्थान पर रही। स्वाती डबली द्वितीय और भारती देवणकर तृतीय स्थान पर रही। वहीं भिलाई केंद्र में माधरी बक्षी प्रथम, जयश्री जलतारे व आरती द्रोणकर द्वितीय और सुषमा नेने और वर्षा देशपांडे तीसरे स्थान पर रही।
महाराष्ट्र मंडल के साहित्यिक समिति की प्रमुख कुमुद लाड ने बताया कि इस वर्ष अभिनव पुस्तक वाचन के लिए निर्धारित पुस्तक ‘लंडन च्या आजी बाई ची’ पर आधारित थी। सभी प्रतिभागियों ने पहले इस पुस्तक का अध्ययन किया फिर परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा में 12 लोगों ने पूरे उत्साह के साथ परीक्षा दी। सभी का प्रयास अच्छा था। स्मिता चान्दे 78 फीसद अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान पर रही।
भिलाई से बीते वर्ष की विजेता निधि देशपांडे की स्मृति में उनके पति मंगेश देशपांडे ने विजेताओं को नकद पुरस्कार प्रदान किया। कार्यक्रम में भिलाई के प्रसिद्ध संगीतज्ञ सुधाकर शिवलीकर गुरुजी को चक्रधर सम्मान प्राप्त होने पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संयोजन भिलाई केंद्र की प्रमुख जयंता जोशी ने किया।
इस अवसर पर महाराष्ट्र मंडल रायपुर के अध्यक्ष अजय मधुकर काले, विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ बृहन्महाराष्ट्र मंडल के छत्तीसगढ़ कार्यवाह सुबोध टोले, मंडल के सचेतक रविंद्र ठेंगड़ी और भवन प्रभारी निरंजन पंडित भी साथ में रहे। कार्यक्रम में मराठी साहित्य समिति की प्रभारी कुमुद लाड, रंजन मोडक, स्वाति मोडक समेत अन्य लोग भी उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र मंडल की कई मराठी साहित्यिक प्रतिभाओं को पुरस्कृत व सम्मानित किया गया।