दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल की डॉ. कमल वर्मा को उत्कृष्ट साहित्य सेवी सम्मान

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल की आजीवन सभासद डॉ. कमल वर्मा को छत्तीसगढ़ स्वाभिमान संस्थान की ओर से राज्य स्तरीय 'उत्कृष्ट साहित्य सेवी अलंकलण' से सम्मानित किया गया। विश्वस्तरीय साझा संकलन पुस्तक 'मध्य भारत का फेफड़ा हसदेव' नामक किताब में डाॅ. वर्मा को उनकी उत्कृष्ट रचना हसदेव के अरण्य ( चौपाई छंद ) के लिए वृंदावन हाॅल में सम्मानित किया गया।

 'मध्य भारत का फेफड़ा हसदेव' प्रकृति के संरक्षण व संवर्धन में विश्व की पहली ऐसी किताब कही जा रही है, जो पहले ही गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड से अलंकृत हो चुकी है। इस किताब का विमोचन दूधाधारी मठ के राजेश्री महंत रामसुंदर दास ने किया। इस अवसर पर साहित्य व पर्यावरण जगत की अनेक विभूतियों को भी श्रोताओं से खचाखच भरे वृंदावन हाल में राज्य स्तरीय सम्मानों से नवाजा गया। 

इस मौके पर चिकित्सा के साथ साहित्य के क्षेत्र में भी डॉ. कमल वर्मा की अमूल्य सहभागिता के लिए प्रशंसा भी की गई। उन्हें वैदिक प्रकाशन की ओर से उत्कृष्ट साहित्य सेविका अलंकरण से नवाजा गया। इससे पहले भी डॉ. कमल वर्मा को विभिन्न सामाजिक संगठनों, सांस्कृतिक संस्थाओं, मेडिकल एसोसिएशन व क्लबों की ओर से अनेक अलंकरण से सम्मानित किया जा चुका है। महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले एवं उनकी संपूर्ण कार्यकारिणी ने डॉक्टर कमल वर्मा को इस उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है कि भविष्य में भी वे इस तरह के तमाम साहित्यिक रचनाएं लिखना जारी रखेंगी व सम्मानित होती रहेगी।