रायपुर के पुष्कर को बेल्जियम की विवि से मिली पीएचडी की उपाधि
रायपुर। राजधानी रायपुर के निवासी पुष्कर ढेंकणे को बेल्जियम की यूनिवर्सिटी केयू ल्यूवेन ने विगत 2 अप्रैल को पीएचडी की उपाधि से नवाजा। पुष्कर ने पीएचडी के लिए रिसर्च मटेरियल्स इंजीनियरिंग पर विवि के प्रोफेसर किम वैनमीनसेल के मार्गदर्शन में पूरा किया। बतादें कि पुष्कर महाराष्ट्र मंडल के आजीवन सभासद और एनआईटी रायपुर में माइनिंग विभाग के प्राध्यापक डॉ प्रकाश ढेकणे और सामाजिक कार्यकर्ता जयश्री ढेकणे के पुत्र है। पुष्कर की इस उपलब्धि पर महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले, सचिव चेतन दंडवते सहित पूरी कार्यकारिणी ने पुष्कर को ढेर सारी शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
पुष्कर की मां जयश्री ढेकणे ने बताया कि पुष्कर की प्रारंभिक शिक्षा महर्षि विद्या मंदिर रायपुर, केंद्रीय विद्यालय एवं डीपीएस स्कूल रायपुर में ह हुई। जिसके बाद एनआईटी रायपुर में मेटलर्जी में स्नातक की डिग्री ली। पुष्कर को अपनी पीएचडी पूरा करने में करीब साढ़े चार साल का समय लगा। पीएचडी के दौरान तीन रिसर्च पेपर लिखे जो एससीआई जर्नल में प्रकाशित हुए। साइंस साइटेशन इनडेक्स (SCI) जर्नल विज्ञान के क्षेत्र में अत्याधिक प्रतिष्ठित माने जाते है। पुष्कर ने बेल्जियम में 2017 से 2019 तक मैटेरियल्स इंजीनियरिंग एमई (मास्टर ऑफ इंजीनियरिंग) पोस्ट-ग्रेजुएशन (एमएस) किया, उसके बाद पूरा समय पीएचडी का रिसर्च किया। पुष्कर आगे पोस्ट डॉक्टोरल रिसर्च कर रहा है।