छत्तीसगढ़ की टीम रिंग फाइट चैंपियनशिप के लिए आज होगी रवाना, ट्रैक सूट वितरित
2025-05-21 10:00 PM
560
0- छह मिनट के मैच में एक सेकंड भी ध्यान न भटके तो सफलता तय है: काले
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में तीन मई से कड़ी ट्रेनिंग लेने के बाद हैदराबाद में होने वाले चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए छत्तीसगढ़ की टीम गुरुवार को रवाना हो रही है। इससे पहले टीम के खिलाड़ियों को महाराष्ट्र मंडल में ट्रैक सूट देते हुए शुभकामनाएं दी गईं।
छत्तीसगढ़ रिंग फाइट एसोसिएशन के महासचिव और रिंग फाइट फेडरेशन ऑफ इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट ओपी कटारिया और कोच प्रवीण क्षीरसागर टीम के साथ हैदराबाद जाएंगे। छत्तीसगढ़ की टीम में बालक वर्ग में तुषार वर्मा, वेदांत साहू, योगेश कुमार यादव, पुष्कर साहू, गौरव हिमने व बालिका वर्ग में वर्तिका क्षीरसागर, तनवी साहू, याशिका साहू और सानिका मिश्रा शामिल हैं।
खिलाड़ियों को टैक सूट वितरित करते हुए मंडल अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने कहा कि यह आपके जीवन का महत्वपूर्ण क्षण है, जिसमें आप छत्तीसगढ़ और बाद में भारत की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। ऐसे समय जब पूरे देश और प्रदेश के खेल प्रेमियों की नजरें आप पर होंगी, तब आपके दिमाग में सिर्फ जीत के लक्ष्य को हासिल करने का जुनून होना चाहिए।
छत्तीसगढ़ रिंग फाइट एसोसिएशन की उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए कहा कि छह मिनट के मैच में आपको अपना सब कुछ झोंकना है। कई हफ्तों के प्रशिक्षण के बाद अब आपका आत्मविश्वास आसमान पर है। साथ ही रिंग फाइट चैंपियनशिप में जीत से आपके लिए देश की टीम का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा और भविष्य में आप ओलंपिक में भी अपने देश का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।
इस मौके पर छत्तीसगढ़ रिंग फाइट एसोसिएशन के अध्यक्ष चेतन दंडवते, कोषाध्यक्ष मालती मिश्रा, समन्वयक हेमंत मार्डीकर, कार्यकारिणी सदस्य सुधीर जाऊलकर, एसिसटेंट कोच ज्योति यादव, संत ज्ञानेश्वर स्कूल के प्रभारी परितोष डोनगांवकर सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।