संजना को घर से दूर मिल रहा घर सा प्यार.. चौबे कालोनी केंद्र ने मनाया जन्मदिन
- दिव्यांग बालिका विकास गृह में रहती है सिलयारी की संजना
रायपुर। जब आप अपने घर से दूर को और जहां आप हो वहां के और आसपास के लोग अगर आपकी छोटी-छोटी खुशियों में शामिल हो तो जीवन का उत्साह दोगुना हो जाता है। महाराष्ट्र मंडल के दिव्यांग बालिका विकास गृह में बच्चियां अपने परिजनों से दूर यहां रहती है। ऐसे में उनकी खुशियों का ख्याल मंडल हमेशा रखता है। शनिवार, 26 जुलाई को दिव्यांग बालिका विकास गृह में निवासरत संजना टंडन का जन्म दिन मंडल की चौबे कालोनी महिला केंद्र की सदस्यों ने मनाया।
केंद्र की संयोजिका अक्षता पंडित ने बताया कि चौबे कालोनी महिला केंद्र की सदस्यों द्वारा दिव्यांग बालिका विकास गृह में रहने वाली बच्चियों का जन्मदिन मनाया जाता है। इसी क्रम में 26 जुलाई को संजना टंडन का जन्मदिन महाराष्ट्र मंडल में मनाया गया। इस अवसर पर मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले, वरिष्ठ सदस्य शशि वरवंडकर, दीपक पात्रीकर विशेष रुप से उपस्थित रहे।

केंद्र की महिलाओं ने संजना को तिलक लगाया और उसकी आरती उतारी। जिसके बाद बर्थडे सांग के साथ सभी ने मिलकर केक काटा। इस अवसर पर केंद्र की सदस्यों ने संजना को उसके जन्मदिन का गिफ्ट भी दिया। इस अवसर पर संजना ने ‘तू कितनी अच्छी है... तू कितनी प्यारी हैं... मां’ गाना गाकर सभी का दिल जीत लिया। संजना के साथ दिव्यांग बालिका विकास गृह में रहने वाली महालक्ष्मी साहू ने ‘तेरी मिट्टी में मिल जावा...’ कम्लेश्वरी साहू ने ‘हर तरफ. हर जगह... ’ सीमा साऱथी ने देश भक्ति गीत ‘है रीत जहां कि प्रित सदा’ गीत सुनाकर सबकी तालियां बटोरी। इसके साथ नेहा सिन्हा ने ‘जिसकी नियती अच्छी होती, उसकी हमेशा उन्नति होगी’ थीम पर अपने सुविचार व्यक्त किए।

अक्षता पंडित ने बताया कि इस समय दिव्यांग बालिका विकास गृह में रह रही दो बच्चियां पीएससी की तैयारी में जुटी है। इस अवसर पर अपर्णा काळेले, मालती मिश्रा, अक्षता पंडित, स्वाती डबली, गौरी क्षीरसागर, प्रीति शेष, चारूशीला देव, मनीषा वरवंडकर, अनुराधा चौधरी, प्राची डोनगंवाकर, अनुपमा बोधनकर, संगीता निमोणकर प्रमुख रुप से उपस्थित थीं।