दिव्य महाराष्ट्र मंडल

गणेश याग के साथ मनाया संत श्री गजानन महाराज का प्रगट उत्सव

- शाम की आरती के बाद महाप्रसाद का किया गया वितरण

- सत्यनारायण पूजन के बाद भाजी भाकर के लिए उमड़ी भीड़

रायपुर। राजधानी रायपुर के तात्यापारा स्थित संत श्री गजानन महाराज संस्थान द्वारा संतश्री का प्रगट उत्सव धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। 5 फरवरी से शुरू हुए उत्सव के चौथे दिन रथ सप्तमी को संतश्री गजानन महाराज का प्रकट दिवस धूमधाम से मनाया गया। गणेश याग के साथ शुरू हुए उत्सव देर शाम तक प्रसाद वितरण तक चलता रहा है। दिनभर मंदिर में भक्तों की भीड़ पहुंचती रही। वहीं महोत्सव के पांचवें दिन भाजी भाकर का वितरण किया गया है। सुबह 800 से अधिक लोगों ने भाजी भाकर प्राप्त किया।

संत श्री गजानन महाराज मंदिर ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी और संचालक सदस्य प्रशांत ढवळे ने बताया कि संत श्री के प्राकट्य महोत्सव के उपलक्ष में प्रति वर्षानुसार गणेश याग का आयोजन किया गया। गणेश याग भगवान गणेश को प्रसन्न करने के लिए किया जाने वाला एक अत्यंत पवित्र और शक्तिशाली वैदिक अनुष्ठान है, जो जीवन की सभी बाधाओं (विघ्न) को दूर करने, सुख-समृद्धि और सफलता पाने के लिए किया जाता है। इसमें मंत्रोच्चार के साथ अग्नि में दूर्वा, मोदक, और अन्य सामग्री की आहुतियां दी जाती हैं।

प्रशांत ने आगे बताया कि इस वर्ष के गणेश याग में आचार्य चारुदत्त जोशी,  शैलेश चिंचोळकर, विवेक अमिन,  आशीष पंडित और राजा भट्ट यज्ञ ने संपन्न कराया। यजमान के रुप में सुनील परेतकर सह पत्नी शामिल हुए।   यज्ञ से पहले सुबह संत श्री की शोडषोपचार पूजा, रुद्राभिषेक संपन्न कराई गई। कार्यक्रम पूर्ण भक्तिभाव से संपादित किया गया। गणेश याग व संत श्री के दर्शन के लिए सुबह से भक्त जनों की आवाजाही चलती रही।  

कार्यक्रम  में संत श्री गजानन महाराज संस्थान के अध्यक्ष अविनाश बल्लाल,  प्रशांत ढवले, जयंत तापस, जयवंत कुसरे आदि लोगों के साथ भक्त जन उपस्थित थे। प्रगट उत्सव के दिन रात 8 बजे सामूहिक महाआरती की गई। जिसमें महिलाएं एक समान वेशभूषा में पहुंची थी। आरती के समय मंदिर परिसर भक्तों से खचाखच भरा था।

सोमवार, 9 फरवरी को संत श्री की शोडषोपचार पूजा के उपरांत सुबह 10 बजे सत्यनारायण कथा का आयोजन किया गया। दोपहर को हुई  महाआरती में भक्तजनों की भारी भीड़ मंदिर परिसर में देखी गई। जिसके बाज महाप्रसाद भाजी-भाकर का वितरण किया गया। बतादें कि मंगलवार 10 फरवरी को शाम 6 बजे संतश्री की पालकी निकाली जाएगी।