महाराष्ट्र मंडल के नाटक ‘मैं अनिकेत हूं’ का कोरबा में मंचन 21 मार्च को
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के हिंदी नाटक ‘मैं अनिकेत हूं’ का पांचवी बार मंचन शनिवार, 21 मार्च को कोरबा में होने जा रहा है। 90 मिनट के मूल मराठी नाटक के हिंदी रूपांतरण नाट्य ‘मैं अनिकेत हूं में अनिकेत की केंद्रीय भूमिका शशि वरवंडकर ने और उनकी पत्नी मीनाक्षी शर्मा का रोल डॉ. अनुराधा दुबे निभा रही हैं। महाराष्ट्र मंडल कोरबा तथा रोटरी क्लब ऑफ कोरबा के सहयोग से चर्चित हिंदी नाटक “मैं अनिकेत हूं” का मंचन शनिवार, 21 मार्च 2026 को कोरबा में किया जाएगा।
नाटक में चेतन दंडवते, दिलीप लांबे, प्रकाश खांडेकर, रंजन मोडक, प्रीता लाल, रविंद्र ठेंगड़ी, समीर टुल्लू, भारती पलोसकर, विनोद राखुंडे, पंकज सराफ, डॉ. अभया जोगलेकर और श्याम सुंदर खंगन की अहम भूमिकाएं हैं। बताते चलें कि नाटक ‘मैं अनिकेत हूं’ अपने गहन संवादों, सजीव अभिनय और विचारोत्तेजक कथ्य के माध्यम से जीवन की जटिलताओं और मनुष्य के भीतर चल रहे द्वंद्व को अत्यंत संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है।
28 फरवरी को आयोजित रोटरी क्लब की बैठक में यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक में रोटरी क्लब के सदस्यों के अलावा महाराष्ट्र मंडळ कोरबा की ओर से सुधीर रेगे, स्वाती रेगे, आलोक दीवाटे, चिंतन ओत्तलवार एवं प्रवीण जाखड़ी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
रोटरी क्लब ऑफ कोरबा द्वारा यह भी निर्णय लिया गया है कि नाटक से प्राप्त समस्त आय समाज कल्याण कार्यों में उपयोग की जाएगी। विशेष रूप से आर्थिक कठिनाइयों के कारण अपनी शिक्षा जारी रखने में असमर्थ मेधावी विद्यार्थियों को सहयोग प्रदान किया जाएगा। महाराष्ट्र मंडळ, कोरबा ने इस सामाजिक पहल में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।