*नई कार्यकारिणी को काले की सीख- समाज के लिए समय देना जरूरी
2026-07-06 07:44 PM
255
0- महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष ने सात मनोनीत कार्यकारिणी सदस्यों के नामों की घोषणा के साथ 13 सदस्यों को सौंपे प्रभार
रायपुर। समाजसेवा के लिए सबसे पहली जरूरत समाज के लिए समय देने की होती है। फिर अपने प्रकल्प अथवा समिति में कुछ ऐसा काम करने की आवश्यकता होती है, जिसे आप सगर्व बता सकें कि यह आपके कार्यकाल की उपलिब्ध है। जिस तरह आपको समाजसेवा में उपलब्धि हासिल करने के लिए दूसरों के मार्गदर्शन और सहयोग की आवश्यकता होती है, बिल्कुल उसी तरह आपको भी अपने सहयोगी कार्यकारिणी सदस्यों व समितियों के पदाधिकारियों के लिए भी हर समय सहयोग करने के लिए तत्पर रहना चाहिए। महाराष्ट्र मंडल की नई 14 सदस्यीय कार्यकारिणी की पहली बैठक में इस आशय के विचार अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने व्यक्त किए।
मंडल की 14 सदस्यीय कार्यकारिणी में छह सदस्य चेतन गोविंद दंडवते, गीता दलाल, श्याम सुंदर खंगन, परितोष डोनगांवकर, नमिता शेष और मालती मिश्रा महाराष्ट्र मंडल के द्विवार्षिक चुनाव में निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए थे। वहीं अध्यक्ष काले ने दीपक किरवईवाले, विशाखा तोपखानेवाले, आस्था काले, निरंजन पंडित, प्रवीण क्षीरसागर और अजय पोतदार को कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया है। पहली कार्यकारिणी बैठक में अध्यक्ष ने व्यवस्था के लिए गीता दलाल को उपाध्यक्ष, चेतन गोविंद दंडवते को सचिव, नमिता शेष और अजय पोतदार को सह सचिव बनाया है। साथ ही सभी कार्यकारिणी सदस्यों को प्रकल्पों, योजनाओं व कार्यक्रमों का प्रभार भी सौंपा है।
सौंपे गए प्रभार के अनुसार गीता दलाल खेल समिति और पर्यावरण समिति का काम देखेंगी है। अध्यक्ष काले के साथ चेतन दंडवते आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा के साथ सभी कार्यक्रमों का मार्गदर्शन करेंगे। दंडवते मेस का प्रभार भी देखेंगे। अजय पोतदार मंचीय कार्यक्रम समन्वय, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विद्यार्थी सम्मान, गौरव अलंकरण समारोह, नृत्य कला समिति समन्वय, सोशल मीडिया स्टुडिओ के अलावा सचिव के कार्यों के सहायक होंगे। मालती मिश्रा दिव्यांग बालिका विकास गृह की प्रभारी होंगी।
काले ने बताया कि विशाखा तोपखानेवाले महिला प्रमुख होंगी। आस्था काले आरोग्य प्रकल्प, आध्यात्मिक समिति, योग समिति, फिजियोथैरपी, वाघोळीकर मेडिकल एक्यूपमेंट योजना की प्रभारी होंगी। श्याम सुंदर खंगन सामान्य प्रशासन विभाग देखने के साथ मंडल के मुख्य समन्वयक भी होंगे। दीपक किरवईवाले को महाराष्ट्र मंडल के सभी भवनों का प्रभारी बनाया गया है। नमिता शेष सखी निवास, प्रवीण क्षीरसागर सियान गुड़ी, परितोष डोंगावकर संत ज्ञानेश्वर विद्यालय और महतारी सदन- हाईटेक आंगनबाड़ी के प्रभारी होंगे। निरंजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय कौशल्य विकास योजना के प्रभारी घोषित किए गए हैं। सुबोध टोले शंकर नगर बाल वाचनालय, छत्तीसगढ़ के सभी महाराष्ट्र मंडलों व बृहन्महाराष्ट्र मंडल के साथ समन्वयन का काम देखेंगे।