महाराष्ट्र मंडल के छह प्रकल्पों में होगा ध्वजारोहण
- मुख्यालय में अध्यक्ष काले राष्ट्रीय ध्वज का करेंगे रोहण, बाकी प्रकल्पों के लिए कार्यकारिणी सदस्यों व पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय
रायपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में महाराष्ट्र मंडल के छह प्रकल्पों पर ध्वजारोहण के साथ विविध कार्यक्रमों की धूम रहेगी। आजादी के इस पर्व पर मंडल का प्रकल्प टाटीबंध स्थित महतारी सदन में हाईटेक आंगनबाड़ी चल रहा है। यहां भी नौनिहाल अपनी प्रस्तुतियों को लेकर अभी से उत्साहित हैं।
मुख्य समन्वयक श्याम सुंदर खंगन ने बताया कि चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त को सुबह 07:30 बजे अध्यक्ष अजय मधुकर काले अपने कार्यकारिणी साथियों दीपक किरवईवाले और निरंजन पंडित के साथ ध्वजारोहण करेंगे। इसके तुरंत बाद सुबह 7:50 बजे मंडल के ही सखी निवास प्रकल्प में उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल, सखी निवास प्रभारी नमिता शेष के साथ ध्वजारोहण करेंगी। यहां रहने वाली कामकाजी महिलाओं सहित छात्राएं आजादी पर्व पर अपने विचार रखेंगी। साथ ही देशभक्ति के परिपूर्ण गाने गाएंगी।
खंगन के अनुसार प्रियदर्शिनी नगर स्थित संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में सुबह 8:30 बजे महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले शाला के सह प्रमुख नवीन देशमुख के साथ राष्ट्रीय ध्वज का रोहण करेंगी। हर बार मंडल का सर्वाधिक भव्य व आकर्षक कार्यक्रम इसी प्रकल्प में होता है। यहां अधिकाधिक बच्चों की देशभक्ति से जुड़ी प्रतिभा को सामने लाने का प्रयास किया जाता है। महाराष्ट्र मंडल के नए प्रकल्प हाईटेक आंगनबाड़ी में सचिव चेतन गोविंद दंडवते, कार्यकारिणाी सहयोगियों परितोष डोनगांवकर, अजय पोतदार और आंगनबाडी प्रभारी डॉ. शुचिता देशमुख के साथ सुबह 09:00 बजे ध्वज का रोहण करेंगे।
अध्यक्ष काले के अनुसार शंकर नगर स्थित बाल वाचनालय में कार्यकारिणी सदस्य सुबोध टोले सुबह 9:00 बजे ध्वजारोहण करेंगे। यहां गार्डन के पास रानी पद्मावती स्कूल के मासूम बच्चों की आयोजन स्थल पर लुभावनी प्रस्तुतियां होंगी। समता कॉलोनी स्थित दिव्यांग बालिका विकास गृह व सियान गुडी में 15 अगस्त को सुबह 9:15 बजे मुख्य अतिथि छत्तीसगढ सिविल सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. कुलदीप सोलंकी राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा का रोहण करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अजय मधुकर काले करेंगे। यहां दिव्यांग व मूक-बधिर बालिकाओं व वरिष्ठ नागरिकों का जोरदार सांस्कृतिक कार्यक्रम कार्यकारिणी सदस्य व स्वास्थ्य, आध्यात्म व योग प्रभारी आस्था अभय काले, सह सचिव मालती मिश्रा और प्रवीण क्षीरसागर के मार्गदर्शन में होगा।