दिव्य महाराष्ट्र मंडल

संत ज्ञानेश्वर स्कूल के बच्चों ने मनाई संत ज्ञानेश्वर जयंती और कृष्ण जन्माष्टमी

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में संत ज्ञानेश्वर महाराज की जयंती एवं श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थी विभिन्न रंग-बिरंगे एवं आकर्षक परिधानों में विद्यालय पहुंचे, जिससे विद्यालय का वातावरण बेहद मनमोहक नजर आया।

प्री प्राइमरी इंचार्ज अस्मिता कुसरे ने बताया कि प्री प्राइमरी के बच्चे राधा-कृष्ण के पोशाक में स्कूल पहुंचे थे। बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया। नर्सरी के बच्चों ने छोटी छोटी गैया छोटे छोटो ग्वाल पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं पीपी-1 के बच्चों ने मैया यशोदा और पीपी-2 के बच्चों ने मैया मोरी मैं नहीं माखन खायो में सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया।

प्राइमरी इंचार्ज अपर्णा आठले ने बताया कि कक्षा 3 के छात्र अनय अम्भोरे संत ज्ञानेश्वर महाराज की वेशभूषा में आए और सभी के आकर्षण का केंद्र रहा। दीक्षा साहू ने संत ज्ञानेश्वर महाराज के जीवन एवं उनके विचारों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सभी के साथ साझा की। वहीं युक्ति रोकड़े, लव पाठक, मोहम्मद अनस एवं उत्कर्ष यादव ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के महत्व एवं भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़ी रोचक जानकारी प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में ब्लू हाउस, जिसकी इंचार्ज अंजली महाजन गुप्ता के निर्देशन में विद्यार्थियों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के जन्म पर आधारित सुंदर एवं मनमोहक नाट्य प्रस्तुति दी गई। बच्चों ने अपने शानदार अभिनय से श्रीकृष्ण जन्म की कथा को जीवंत किया।

नाटक में टिकेंद्र गोस्वामी, वेदांशी साई, तन्मय साहू, ख्याति साहू, लक्ष्य सोनी, गौरव तांडी, नूरवी साहू, गीतिका साहू, सोनल कस्तुरिया, बी. प्रेमा, युक्ता नायक एवं सज्जन सागर ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।  बच्चों की प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। पूरे कार्यक्रम ने भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति विद्यार्थियों में प्रेम और सम्मान की भावना को और मजबूत किया।  कार्यक्रम का सफल संचालन तेजस्वी वर्मा एवं राघव पांडे ने किया।