दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल में पहली बार दिवाली पर किला बनाओ और जन्माष्टमी पर दही हांडी व राधा-कृष्ण फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के 88 साल के इतिहास में पहली बार दिवाली पर बच्चों के लिए मिट्टी का किला बनाओ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। किला की आकृति सहित अन्य नियम दिवाली से दिन पूर्व बता दिए जाएंगे। मूलतः यह प्रतियोगिता बच्चों व किशोरों के लिए है। स्पर्धा का उद्देश्य मराठी समाज के बच्चों को उनकी संस्कृति से जोड़ना है। 
 
चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल में आहूत की गई सांस्कृतिक समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। समिति के प्रभारी प्रेम उपवंशी व सह प्रभारी प्रिया बक्षी ने बताया कि जन्माष्टमी के मौके पर पहली बार मंडल में दही हांडी का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर बच्चों के लिए राधा- कृष्ण फैंसी ड्रेस स्पर्धा होगी। यह आयोजन भी महाराष्ट्र मंडल के लिए पहला और अनूठा होगा। 
 
समिति की सह प्रभारी गौरी क्षीरसागर ने बताया कि अगस्त महीने में कमल ताई शेष स्मृति शालेय संगीत स्पर्धा का आयोजन किया जाएगा। सितंबर में पोला में बैल सजाओ प्रतियोगिता होगी। इसमें बच्चे व किशोर अपने घर से पोला के बैल को सजा- संवार कर लाएंगे। चारुशीला देव ने बताया कि सांस्कृतिक मंडल पहली बार गीत रामायण का भी आयोजन करने जा रहा है। यह आयोजन दिसंबर माह में संभावित है। जनवरी महीने में मकर संक्रांत पर भोगी कार्यक्रम के साथ 'पतंग उड़ाओ- पतंग काटो' प्रतियोगिता भी महाराष्ट्र मंडल के लाॅन एरिया में आयोजित की जाएगी। 
 
मंडल के उपाध्यक्ष श्याम सुंदर खंगन के मार्गदर्शन में सांस्कृतिक मंडल की बैठक में वर्षभर होने वाले कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं की रूपरेखा तय की गई। इस अहम बैठक में समिति के प्रमोद बोरवणकर, प्रियंका बोरवणकर, शुभांगी रूद्रजवार, वर्षा राऊत, चारुशीला देव, रोहिणी नेने उपस्थित थे।