अद्भूत संयोग के साथ शुरु हो रहा... महाराष्ट्रीयन समाज का श्रावण मास... जानिए क्या है खास
2023-07-16 03:27 PM
644
यूं तो श्रावण मास को प्रारंभ हुए एक पखवाड़ा होने जा रहा है और सामान्य गिनती के मुताबिक 17 जुलाई को दूसरा श्रावणी सोमवार होगा। लेकिन महाराष्ट्रीय समाज का श्रावण मास अमावस्या तिथि से प्रारंभ होता है। संयोगवश यह दिन सोमवार पड़ रहा है, तो सोमवती अमावस्या भी साथ आया है। इस बेहतर योग की वजह से 17 जुलाई को शुरु होने वाला श्रावणी सोमवार बेहद खास माना जा रहा है।
आमतौर पर श्रावणी अमावस्या की तिथि सोमवार को पड़े, ऐसा संयोग बहुत ही कम देखने में आता है, लेकिन संयोग की बात है कि सावन मास की अमावस्या तिथि इस बार सोमवार को ही पड़ रही है, जिसकी वजह से इसे सोमवती अमावस्या कहा जाता है।
श्रावणी सोमवार के व्रत की अपनी महिमा है, उस पर सोमवती अमावस्या के व्रत का भी पालन किया जाए, तो शास्त्रों के मुताबिक भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती की असीम कृपा से भक्त निहाल हो जाते हैं।
महाराष्ट्र मंडल के सचिव एवं आचार्य चेतन दंडवते ने बताया कि यह वास्तव में अद्भूत संयोग है, जो सोमवती अमावस्या के साथ श्रावण मास प्रारंभ हो रहा है, तो दूसरा बड़ा संयोग है कि श्रावण मास का प्रारंभ सोमवार से हो रहा है। उन्होंने बताया कि ऐसे शुभ अवसर का लाभ हर किसी को पूजन और व्रत के साथ प्राप्त करना चाहिए।