दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडळ के संत ज्ञानेश्वर स्कूल की 40वीं वर्षगांठ पर 'मिलाप' चार फरवरी को

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर स्कूल की 40वीं वर्षगांठ पर 4 फरवरी, रविवार को दोपहर एक बजे से 'मिलाप' कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इसमें साल 1984 से लेकर 2000 तक के पूर्व छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल होंगे। 
 
शाला प्रभारी निरंजन पंडित ने बताया कि 'मिलाप' की तैयारी डेढ़ महीने से जारी है। इसमें लगभग 200 पूर्व छात्र- छात्राओं के आने की सहमति मिल चुकी है। इसके अलावा स्कूल के पूर्व प्राचार्यों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है और उनकी ओर से यहां आने की अनुमति भी मिल गई है।
 
कार्यक्रम के संदर्भ में प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने बताया कि रजिस्ट्रेशन के साथ पूर्व छात्रों को बेच के अनुसार स्मृति चिह्न दिया जाएगा। साथ ही ग्रुप फोटोग्राफी होगी। तत्पश्चात मंच पर भूतपूर्व छात्र- छात्राओं की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। इसके अलावा स्कूल के छात्र- छात्राएं अपनी रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ भूतपूर्व विद्यार्थियों से मेल- मुलाकात कर 'मिलाप' कार्यक्रम को सार्थक बनाएंगे। कार्यक्रम का सबसे आकर्षक पहलू टीचर स्टाफ की मंच पर धमाकेदार प्रस्तुतियां होंगी। बात चाहे गीत- संगीत की हो या डांस की, हर किसी ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। 
 
शाला सह प्रभारी परितोष डोनगांवकर के मुताबिक स्कूल के टीचर्स 'मिलाप' को और अधिक मनोरंजक बनाने के लिए रोचक गेम्स प्लान कर रहे हैं। इसमें भूतपूर्व विद्यार्थियों के साथ वर्तमान छात्रों की भागीदारी स्मरणीय होगी। रात्रिभोज से पहले गेम्स के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।