डा. अभया जोगलेकर महाराष्ट्र नाट्य मंडल की दोबारा प्रमुख.... वार्षिक सामान्य सभा में दोबारा सचिव निर्वाचित हुए प्रसन्न निमोणकर
2024-08-01 11:17 AM
603
0- कार्यकारिणी व स्थाई आमंत्रित सदस्यों के नामों की भी घोषणा
रायपुर। महाराष्ट्र नाट्य मंडल की वार्षिक सामान्य सभा में डॉ. अभया जोगलेकर को दोबारा निर्विरोध नाट्य प्रमुख निर्वाचित किया गया है। वहीं प्रसन्न निमोणकर दोबारा निर्विरोध सचिव व प्रा. अनिल श्रीराम कालेले निर्देशक बनाए गए हैं।
महाराष्ट्र मंडल के यशवंत जोगलेकर स्मृति छत्रपति शिवाजी महाराज सभागृह में हुई वार्षिक सामान्य सभा में सुशांत गुप्ते, गौरी क्षीरसागर, परितोष डोनगांवकर, सुमित मोडक, अपर्णा कालेले, दिलीप लांबे, वनजा भावे और वंदना निमोणकर कार्यकारिणी सदस्य बनाए गए हैं। वहीं विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शशि वरवंडकर, रामदास यशवंत जोगलेकर, भागीरथ कालेले, कुंतल कालेले, रविंद्र ठेंगड़ी, रंजन मोडक, दिलीप लांबे, अस्मिता कुसरे और चेतन दंडवते के नाम सामने आए हैं।

नियमानुसार सामान्य सभा का संचालन सचिव प्रसन्न निमोणकर ने किया। उन्होंने गत कार्यकाल में मंचित किए गए दो नाटकों 'विट्ठल तो आला आला' और 'गप्पा' के मंचन और उसके बाद मिले प्रतिसाद की जानकारी दी। इसी तरह मई 2024 में संस्कार भारती के रंग संस्कार महोत्सव में महाराष्ट्र नाट्य मंडल के 'इंद्रधनु' के अंतर्गत मंचित नाटकों रक्तदान, तो पोरगा, विसंवाद, हरवलेली, मुलाखत अंबूताई ची, कलावंत और पत्र लिवन्यास कारण की के मंचन और उनसे मिले प्रतिसाद के संदर्भ में जानकारी दी। निमोणकर ने गत कार्यकाल के आय- व्यय का ब्यौरा भी पटल पर रखा, जिसे ध्वनिमत से पारित किया गया।
चुनाव प्रक्रिया महाराष्ट्र मंडल के मुख्य समन्वयक व निर्वाचन अधिकारी श्याम सुंदर खंगन ने अपने दो सहायकों दीपक पात्रीकर और रचना ठेंगड़ी के साथ संपन्न कराया। निर्वाचन अधिकारी समेत निर्विरोध निर्वाचित किए गए प्रमुख पदाधिकारियों को 'एक पौधा मां के नाम' अभियान के अंतर्गत पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। अपने द्वितीय कार्यकाल के प्रथम संबोधन में नवनिर्वाचित नाट्य प्रमुख डॉ. अभय जोगलेकर ने कहा कि उनका प्रयास होगा कि पहले की तुलना में नाट्य मंडल को और नाटक की गतिविधियों को अधिक समय दे सकूं। उन्होंने नाट्य मंडल की गतिविधियों में विस्तार करने और रुके हुए कार्यों और प्रशिक्षण कार्यशाला शुरू करने पर जोर दिया।

सामान्य सभा में लिए गए प्रमुख निर्णय:-
0- सितंबर 2024 में महाराष्ट्र मंडल के गणेश उत्सव में शाला और संस्था स्तरीय बाल नाट्य स्पर्धा।
0- गणेश उत्सव में ही महाराष्ट्र नाट्य मंडल की ओर से एकांकिका 'भानगढ़ पहावी लपवून' (लफड़ा छुपाकर दिखाओ) का मंचन। फिलहाल इस नाटक की तालीम (रिहर्सल) जारी है।
0- मराठी नाटकों में नए कलाकारों की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षित करने के लिए स्व. राजू निंभोरकर स्मृति नाट्य शिविर का आयोजन।
0- तीन अंकी (दो अंतराल) वाले मराठी नाटक के मंचन की योजना।