अग्निवीर भर्ती: छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन पंजीयन शुरू, 1 अप्रैल तक आवेदन का मौका
डेस्क। भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती वर्ष 2027 के लिए ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू कर दी गई है। सेना में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर जाकर 1 अप्रैल 2026 तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
भर्ती प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) का आयोजन जुलाई-अगस्त 2026 में किया जाएगा। इस लिखित परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को जनवरी 2027 में आयोजित होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा और भर्ती रैली के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
भर्ती कार्यालय के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य के लिए अग्निवीर पदों का कोटा सीधे तौर पर होने वाले पंजीयन की संख्या पर निर्भर करता है। पिछले तीन वर्षों के आंकड़ों के अनुसार, युवाओं में सेना के प्रति उत्साह लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2023-24 में 14,153 पंजीयन पर 895 पद मिले थे, जबकि वर्ष 2024-25 में 19,355 पंजीयन पर 731 पद आवंटित हुए। वहीं वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड 28,547 युवाओं ने पंजीयन कराया है। इस बढ़ते रुझान को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए 1100 से 1300 पदों का आवंटन हो सकता है।