शिक्षा-कैरियर-लाइफ स्टाइल

आज वैशाख पूर्णिमा... भगवान विष्णु की पूजा से मिलता है अमृत फल... दान का विशेष महत्व

वैशाख महीने की पूर्णिमा पर भगवान विष्णु की पूजा विशेष फलदायी होती है। इस दिन बुद्ध के रूप में भगवान का नवां अवतार भी हुआ था, इसलिए इसे बुद्ध पूर्णिमा के नाम से भी मनाया जाता है। शास्त्रों के अनुसार भगवान विष्णु को वैशाख माह अति प्रिय है।

ये पूर्णिमा पर्व 5 मई को है। ग्रंथों के मुताबिक इस दिन चंद्रमा की पूजा से चंद्र दोष से मुक्ति मिलती है। ब्रह्माजी ने वैशाख को सभी महीनों में सबसे खास कहा है। मान्यता है कि इस दिन व्रत रखने और पूजा आदि करने से भगवान विष्णु के साथ-साथ मृत्यु के देवता यमराज को भी प्रसन्न किया जा सकता है।

ज्योतिषविदों का मत है कि मृत्यु के देवता यमराज को प्रसन्न करने के लिए वैशाख पूर्णिमा के दिन व्रत रखा जाता है और विधि-विधान से पूजा की जाती है। इस अवसर पर जल पात्र, कुल्हड़, पंखे, चप्पलें, छाता, घी, फल, चीनी, चावल, नमक का दान शुभकारी होता है। इस दिन दान से मन को शांति मिलती है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु के साथ यमराज का वरदान भी मिलता है और अकाल मृत्यु का डर भी नहीं रहता।

ऐसे करें पूजा
1. वैशाख पूर्णिमा पर चंद्रमा के साथ भगवान विष्णु की पूजन का विधान है। इस दिन श्री हरि की कृपा पाने के लिए उन्हें भोग लागएं और पंचामृत अर्पित करें। इस दिन वैशाख स्नान की पूर्णाहुति होती है।
2. वैशाख पूर्णिमा के दिन पवित्र नदियों में स्नान का विधान है। इस दिन स्नान आदि के बाद दान पुण्य किया जाता है।
3. पूर्णिमा पर यमराज के निमित्त जल से भरा कलश, पकवान और मिठाइयां आदि उन्हें अर्पित करें। शक्कर और तिल का दान करने से अनजाने में हुए पापों का विनाश होता है। स्थिर चित्त और एकाग्र मन से यमराज की पूजा करें।

दान का मिलता है अक्षय फल

पुराणों में कहा गया है कि इस वैशाख महीने की पूर्णिमा पर श्रद्धा अनुसार किए गए दान का पुण्य कभी खत्म नहीं होता। इससे इस लोक के साथ परलोक में भी सुख प्राप्ति होती है। ग्रंथों के अनुसार इस दिन तिल, अन्न और जल दान करने का सबसे ज्यादा महत्व है। ये सोना, चांदी, हाथी और घोड़ों के दान से भी ज्यादा महत्वपूर्ण हैं। अन्न और जल दान से मानव, देवता, पितृ सभी को तृप्ति मिल जाती है। शास्त्रों के अनुसार कन्यादान को भी इन सभी के बराबर माना जाता है।