देश-विदेश

कांग्रेस के विरोध के बीच... सावरकर के अपमान पर शिवसेना... तो ओबीसी मुद्दे पर भाजपा का प्रदर्शन

दिल्ली। देश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता समाप्त होने के बाद से आया राजनीतिक भूचाल लगातार बढ़ रहा है। अब तक केवल कांग्रेस का ही प्रदर्शन नजर आ रहा था, लेकिन अब शिवसेना और भाजपा ने भी कांग्रेस के विरोध में मोर्चा खोल दिया है। 

विदित है कि राहुल गांधी की ’मोदी सरनेम’ पर कथित टिप्पणी के मामले में सूरत जिला न्यायालय ने दोषी करार देते हुए दो साल कैद की सजा सुनाई थी। इसके तत्काल बाद ही लोकसभा सचिवालय ने राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द करने की अधिसूचना जारी कर दी, वहीं दूसरे ही दिन इसका प्रकाशन राजपत्र में भी हो गया। 

राहुल गांधी के खिलाफ हुए एक्शन को लेकर कांग्रेस नेताओं ने देशभर में विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया, तो राहुल गांधी की सदस्यता वापस लिए जाने की मांग पर अड़े हुए हैं। इस मामले को लेकर लोकसभा सचिवालय ने स्पष्ट कर दिया है कि मामला न्यायालयीन आदेश से जुड़ा हुआ है और उसके आधार पर लोकसभा ने जनप्रतिनिधि एक्ट के तहत निर्णय लिया है।
 
 

राहुल गांधी ने लोकसभा से सदस्यता रद्द किए जाने के बाद मीडिया से संवाद के दौरान एक बार फिर विवादित बयान जारी कर दिया, जिसमें कहा कि ’मैं सावरकर नहीं हूं, गांधी हूं और गांधी किसी से माफी नहीं मांगता’। राहुल के इस बयान को लेकर अब शिवसेना के सांसदों ने राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और वीर सावरकर को लेकर दिए गए बयान पर राहुल से माफी की मांग को बुलंद कर रहे हैं। 
 

वहीं दूसरी तरफ भाजपा के ओबीसी सांसदों ने राहुल गांधी के खिलाफ आवाज बुलंद कर दी है। सोमवार को संसद भवन में भाजपा के तमाम ओबीसी सांसदों ने तख्ती लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ओबीसी के अपमान को लेकर विरोध दर्ज कराया।  

----------