सिर्फ 24 घंटों के भीतर... राजधानी में 5 सौ से ज्यादा, तो देश में 5 हजार से ज्यादा कोरोना पॉजिटिव
2023-04-06 01:37 PM
306
देश में शांत पड़ा कोरोना संक्रमण, फिर से जाग गया है और सरपट दौड़ लगाने लगा है। महज 24 घंटों के भीतर भारत में 5335 नए कोरोना पॉजिटिव लोगों का मिलना इसका प्रमाण है। तकरीबन 195 दिनों के लंबे अंतराल के बाद देश में इतनी बड़ी तादाद में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं, जिसके बाद सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 25, 587 हो गई है। इससे पहले 23 सितंबर, 2022 को एक दिन में 5,383 केस मिले थे। राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 509 नए मामले सामने आए हैं।
लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों को लेकर सरकार के कान फिर से खड़े हो गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय लगातार राज्यों को सतर्क रहने और आवश्यक सुविधाओं को तैयार रखने पर जोर दे रहा है, तो राज्य की सरकारों ने विभागीय समीक्षाएं शुरु कर दी हैं।
कोविड—19 की स्टडी करने वाले वैज्ञानिकों का स्पष्ट कहना है कि कोरोना को हल्के में नहीं लिया जा सकता। इसके पीछे वजह, कोरोना के बदलते हुए वैरिएंट है। जिससे यह तय नहीं किया जा सकता कि कौन सा वैरिएंट कितना खतरनाक साबित होगा।
वहीं जानकारों का कहना है कि देश में यदि कोरोना के केस इतनी तेजी से बढ़ रहे हैं, तो इसका सीधा मतलब है नेचुरल इम्युनिटी कमजोर हुई है। आशंका जताई जा रही है कि इस बार भी स्थिति पिछले साल आई चौथी लहर की तरह हो सकती है। वहीं आशंका यह भी है कि आने वाले 2 महीनों में कोरोना के केस हर रोज 15 हजार से 20 हजार तक आ सकते हैं। लिहाजा पुख्ता तैयारी रखने पर जोर दिया जा रहा है।