इटावा में मासूम का खून से लतपथ शव मिला, परिवार ने जताई हत्या की आशंका
2025-08-30 11:34 AM
68
इटावा| उत्तर प्रदेश के इटावा में 11 साल के मासूम बच्चे आहिल का शव सड़क किनारे खून से लतपथ हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के गाड़ीपुरा नई बस्ती की है। शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने शुक्रवार सुबह आहिल का शव सड़क किनारे देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव की हालत देखकर परिवार ने हत्या की आशंका जताई है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने शुरू किए।
मृतक की बुआ मुबीना ने बताया कि आहिल अपनी नानी के घर रहता था। सुबह वह घर से निकला था, लेकिन कुछ देर बाद उसका शव सड़क किनारे मिला। मुबीना ने कहा, “मेरे भतीजे की गर्दन से खून निकल रहा था। हमें शक है कि उसकी हत्या की गई है।” परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्राधिकारी राकेश प्रधान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा, “मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।”
घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।