देश-विदेश

दो वर्ष में पूर्ण हुए हैं विकास के अनेक असंभव कार्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि गत दो वर्ष में प्रदेश में विकास के कई ऐसे कार्य पूर्ण हुए हैं जो असंभव माने जाते थे। मध्यप्रदेश विकास के नए पैमाने गढ़ रहा है। प्रदेश में उद्योगों की स्थापना का कार्य तेजी से हो रहा है। औद्योगिक  विकास दर उल्लेखनीय 24% प्राप्त की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को लाल परेड ग्राउंड में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के सांस्कृतिक कार्यक्रमों अवतार को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में दो टाइगर रिजर्व भोपाल वन विहार और माधव नेशनल पार्क शिवपुरी हैं। यही नहीं नौ टाइगर रिजर्व अभयारण्य प्रदेश में हैं। प्रदेश में ओंकारेश्वर में 27वां अभयारण्य प्रारंभ हो रहा है, जिसका क्षेत्र खंडवा और देवास जिलों में रहेगा। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि संस्कृति के क्षेत्र में प्रदेश को अनेक सौगातें मिली हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी नेतृत्व में विरासत के संरक्षण के साथ विकास का कार्य हो रहा। सांस्कृतिक अनुष्ठान जारी है। उज्जैन में 7 करोड़ से अधिक पर्यटक और श्रद्धालु आए हैं। अयोध्या में भगवान श्रीराम मुस्कुरा रहे हैं। ओरछा और चित्रकूट प्रदेश के विशेष धार्मिकआध्यात्मिक आस्था के केंद्र हैं। चित्रकूट में 28 करोड़ से अधिक राशि से अनेक विकास कार्य किए जाएंगे। गत 2 वर्ष में प्रदेश में तीन एयरपोर्ट दतियासतना और रीवा में प्रारंभ हुए हैं। आज उज्जैन की हवाई पट्टी के एयरपोर्ट के रूप में विकास के लिए एमओयू हुआ है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पीएमश्री पर्यटन हेली सेवा प्रारंभ करने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला प्रांत है। आने वाले 5 वर्ष में प्रदेश का बजट दोगुना हो जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि तीन अंतर्राज्यीय सिंचाई परियोजनाएं प्रारंभ हुई है। केन-बेतवा, पार्वती-काली-सिंध-चंबल अंतर्राज्यीय परियोजना और ताप्ती मेगा परियोजना के माध्यम से प्रदेश का विशाल क्षेत्र सिंचित होगा। पेयजल व्यवस्थाओं के साथ उद्योगों को भी पानी मिलेगा।

----------