देश-विदेश

प्रदेश के 30 जिलों के एसपी ने एक साथ मारी रेड... 1500 से ज्यादा बदमाश गिरफ्तार... आधी रात हुई कार्रवाई

राजस्थान में बढ़ते अपराध पर नकेल कसने पुलिस ने बीती रात बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सोमवार—मंगलवार की रात 30 जिलों के एसपी ने एक साथ शातिर अपराधियों और बदमाशों के ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान बड़ी संख्या में अवैध हथियार, मादक पदार्थ और चोरी की गाड़ियां मिली हैं। इस छापामार कार्रवाई में पुलिस ने 1500 से ज्यादा वांटेड और आदतन अपराधियों को गिरफ्तार किया।

बता दें कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश में अपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों को चेतावनी के साथ समझाईश भी दी है। सीएम गहलोत ने प्रदेशभर के बदमाशों से कहा है कि या तो वे आत्मसमर्पण कर दें या फिर हमेशा के लिए अपराध करना छोड़ दें, वरना उन्हें नेस्तनाबूद कर दिया जाएगा। 

एडीजी क्राइम दिनेश एमएन ने बताया- पिछले कुछ समय से रेंज में छापेमारी की जा रही थी। बदमाश पकड़े जा रहे थे। इसका फीडबैक सीएमओ तक जा रहा है। सरकार चाहती है कि एक साथ पूरे राज्य में पुलिस की टीमें बदमाशों को पकड़ने के लिए छापेमारी करे।

दिनेश एमएन ने बताया- इस पर देर रात सभी जिलों और कमिश्नर को इस रेड की जानकारी दी गई। रेड के दौरान पुलिस अधीक्षक-डीसीपी अपनी पुलिस फोर्स के साथ बदमाशों के ठिकानों पर पहुंचे। उनके घर को सर्च किया गया। करीब 1500 से ज्यादा आदतन और वांटेड बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा। इस दौरान राज्यों के भी कुछ बदमाश पुलिस के हाथ लगे। जो राजस्थान में फरारी काट रहे थे। 

----------