यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा : स्लीपर बस और ट्रेलर की टक्कर, 4 लोगों की मौत, 20-25 घायल
डेस्क। यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस और ट्रेलर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20-25 यात्री घायल हो गए। घटना थाना राया क्षेत्र में हुई। स्लीपर बस कई यात्रियों को लेकर जा रही थी। ओवरटेकिंग करते समय बस ने पीछे से गिट्टी लदे ट्रेलर को ठोकर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बस के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने मदद की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को निकाला और अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस मृतकों की पहचान करने और हादसे की वजह पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में ओवरटेकिंग के चक्कर में हुई लापरवाही सामने आई है।