INTERESTING NEWS : जिस तारीख को शादी हुई... माता—पिता के साथ 7 बच्चों का जन्म भी उसी दिन... वह भी बिना प्लानिंग
2023-07-12 10:50 AM
402
कुदरत का करिश्मा जिसके बारे में अनुमान भी नहीं लगाया जा सकता। एक ऐसा ही करिश्मा पाकिस्तान के लरकाना में रहने वाले एक परिवार में भी हुआ है। शादी के लिए जिस युवक—युवती का रिश्ता हुआ, उनका जन्मदिन एक ही दिन था, शादी की तारीख तय हुई, वह भी उनके जन्मदिन की तारीख यानी 1 अगस्त था, इसके बाद उनके एक नहीं बल्कि 7 बच्चे हुए, उनके जन्म की तारीख भी 1 अगस्त ही है। जिसकी वजह से इस परिवार के नाम अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है।
इस अद्भूत संयोग को खुद गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने शेयर की है। 9 सदस्यों वाले इस परिवार में सभी का जन्मदिन, माता—पिता के जन्म की तारीख और तो और शादी की सालगिरह की तारीख भी 1 अगस्त ही है। यानी इनके घर पर एक ही दिन तमाम खुशियां एक साथ आती हैं। सभी एक साथ अपना जन्मदिन भी मना लेते हैं, तो माता—पिता की शादी की सालगिरह भी साथ ही सेलिब्रेट हो जाता है।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अनुसार, परिवार में आमिर अली, उनकी पत्नी खुदेजा और उनके सात बच्चे शामिल हैं। 7 बच्चों में ससुई-सपना जुड़वां बेटियां हैं। वहीं, आमिर-अम्बर, अम्मार-अहमर जुड़वा बेटे हैं। इसके अलावा सिंधु नाम की एक और बेटी भी है। इन सबकी उम्र 19 से 30 के बीच है।
दिलचस्प बात है यह है कि सातों बच्चों के साथ उनके माता-पिता का जन्मदिन भी 1 अगस्त को पड़ता है। वे सभी अलग-अलग सालों में पैदा हुए, लेकिन महीना और तारीख एक ही था, जो कि एक रिकॉर्ड है। किसी भी परिवार में इतने सारे सदस्यों का जन्मदिन एकसाथ नहीं पड़ता। यह रिकॉर्ड पहले कमिंस परिवार (यूएसए) के पांच बच्चों के नाम था, जिनका जन्म 1952 और 1966 के बीच 20 फरवरी को हुआ था।
यह तारीख आमिर और खुदेजा के लिए और भी खास है, क्योंकि 1 अगस्त को उनकी शादी की सालगिरह भी होती है। उन्होंने अपनी सबसे बड़ी बेटी के जन्म से ठीक एक साल पहले, 1991 में अपने जन्मदिन पर शादी की थी। 1 अगस्त 1992 को सिंधु का जन्म हुआ। सिंधु उनकी सबसे बड़ी बेटी है। उसके जन्म लेने के बाद कपल 'आश्चर्यचकित और बेहद खुश' थे। इसके बाद खुदेजा के सभी बच्चे 1 अगस्त को पैदा हुए। कपल ने इसे 'ईश्वर का उपहार' बताया है।
रिपोर्ट के अनुसार, प्रत्येक बच्चे का जन्म सामान्य रूप से हुआ था। खुदेजा की डिलीवरी भी टाइम पर हुई थी और कभी ऑपरेशन आदि की नौबत नहीं आई, सबकुछ नॉर्मल था। आमिर और खुदेजा के साथ उनके बच्चों की तस्वीरें सामने आई हैं।