दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने के मामले में... देशभर में जलजला... सड़क से संसद तक फैली आग
2023-07-22 12:05 PM
213
मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने उनके साथ गैंगरेप किए जाने के मामले में पुलिस ने भले ही अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, पर इसकी आंच कम नहीं हो रही है। सड़क से सदन तक इस मामले को लेकर आग फैली हुई है।
मामले का वीडियो वायरल होने के बाद इसमें दिख रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। बता दें कि इस वीडियो के सामने आने के बाद पीएम मोदी ने इसकी निंदा करते हुए इस घटना को शर्मनाक बताया था, वहीं उनका गुस्सा भी फूट पड़ा था। मणिपुर के मुख्यमंत्री ने पुलिस को इन आरोपियों को गिरफ्तार करने और पूरे मामले की जांच करने के आदेश भी दिए थे।
बीते 24 घंटों में राज्य में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। घटना को लेकर जहां ज्यादातर इलाकों में आक्रोश की ज्वाला नजर आ रही है, तो कई जगहों पर लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया। पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल अलग-अलग जगहों सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। राज्य के अलग-अलग जिलों में कुल 126 चेक पोस्ट लगाए गए हैं। पुलिस ने नियम तोड़ने वाले 413 लोगों को अभी तक हिरासत में भी लिया है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी की है। साथ भी किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा ना करने को भी कहा है।
गौरतलब है कि मणिपुर में महिलाओं को निर्वस्त्र करके घुमाने का वीडियो आने के बाद इस सीएम एन बीरेन सिंह ने पुलिस को खास निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा था कि इस मामले में अभी तक कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि कई अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अभी होनी है।
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा था कि हम पूरी तरह से हैरान हैं. दोषियों को अनुकरणीय दंड दिलाने का आश्वासन देता हूं. यदि संभव हुआ तो मृत्युदंड की मांग करूंगा. मैं लोगों से अपील करता हूं कि सड़कों को अवरुद्ध न करें और सुरक्षा बलों को भी न रोकें. मैं राज्य की जनता की ओर से इस घटना की निंदा करता हूं।