आसमां पर दाम टमाटर और चोरों ने पार किया लाखों का अदरक, जानिए क्या है पूरा मामला
डेस्क। सब्जियों के दाम इन दिनों सातवें आसमान पर हैं। जिस तरह सब्जियों के दाम बढ़े हैं, उसको देखकर अब चोरों की भी नजर अब इन महंगी सब्जियों पर पड़ गई। सब्जी चोरी का एक मामला सामने आया है। यहां चोरों ने सबसे महंगी सब्जी टमाटर नहीं बल्कि अदरक की चोरी की है। चोरों ने हाइवे पर खड़े ट्रक से 50 बोरी अदरक पार कर दिया। चोरों ने नेशनल हाइवे में घटना को अंजाम दिया। वहीं घटना स्थल से चंद कदम की दूरी पर थाना भी स्थित है।
मिली जानकारी के अनुसार पवन कुमार नाम का ट्रक ड्राइवर अपनी ट्रक में अदरक लादकर पश्चिम बंगाल से दिल्ली की ओर आ रहा था। उत्तरप्रदेश के बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे 28 पर उसका घर है। यहां से गुजरते हुए उसने सोचा कि घर जाकर आराम किया जाए और अगली सुबह दिल्ली के लिए रवाना होगा।
पवन ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा किया और घर पर खाना खाने चला गया। गुरुवार सुबह वह जब वापस ट्रक पर लौटा तो उसके होश उड़ गए, क्योंकि ट्रक में मौजूद अदरक से भरे हुए 50 बोरे गायब थी। चोरी गए माल की कीमत लाखों रुपए की थी। पवन ने तत्काल ही इसकी सूचना कप्तानगंज थाने में दी और एफआईआर दर्ज कराई।