छत्तीसगढ़
आज से छह दिन बंद रहेगा कुम्हारी ओवर ब्रिज.... राजधानी से दुर्ग जाने की है योजना तो इन मार्गों का करें इस्तेमाल
रायपुर। अगर आप भी आज से छह दिन तक दुर्ग जाने जाने की योजना बना रहे है तो सावधान। कुम्हारी ओवर ब्रिज के दुर्ग से रायपुर मार्ग में मरम्मत कार्य के बाद लोड टेस्ट होने के चलते आज से आगामी 6 दिनों के लिए बंद रहेगा। इस दौरान दुर्ग से रायपुर एवं रायपुर से दुर्ग आने वाले वाहन चालकों के लिए ओवर ब्रिज मार्ग पूर्णतः प्रतिबंध कर दिया गया है। जाम से बचने के लिए चारपहिया एवं छोटे वाहन चालक वैकल्पिक मार्ग का प्रयोग कर सकेंगे।
आपको बता दें कि यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा रायपुर दुर्ग आने-जाने वाले हल्के चारपहिया वाहन (कार, जीप, सूमो, माल वाहक आदि) एवं दो पहिया वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया है।
जिसके अनुसार चरोदा क्षेत्र के नागरिक रायपुर आने-जाने के लिए रायल खालसा ढाबा से ग्राम उरला-ग्राम कुरूदडीह, ग्राम पाहंदा से अमलेश्वर होकर महादेव घाट मार्ग, खुर्सीपार एवं पुरानी भिलाई के लोग रायपुर आने-जाने के लिए सिरसा गेट चौक से ग्राम सिरसा कला से मोतीपुर से अमलेश्वर मार्ग, दुर्ग, सेक्टर एरिया, नेहरू नगर, सुपेला एवं पावर हाउस के रहवासी रायपुर आने-जाने के लिए नेवई-उतई- फुण्डा-मोतीपुर से अमलेश्वर होकर रायपुरा चौक मार्ग का प्रयोग करेंगे। यातायात पुलिस दुर्ग (दुर्ग-भिलाई) ने आम नागरिकों से अपील की है कि रायपुर आना-जाना करने के लिए यातायात पुलिस द्वारा दिये गये अपने-अपने क्षेत्र के वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें और अपना समय एवं ईधन दोनों बचाएं।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट.. देश में लंबे समय तक रहेगा हीट वेव... पीएम मोदी ने बुलाई बैठक
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज इन दिनों जरूर बदलो हो, लेकिन भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी किए अलर्ट के अनुसार देश में अब तक की सबसे लंबी हीट वेव आने वाली है। यानी नौतपा इस गर्मी में कुछ ज्यादा दिनों के लिए होगा। बतादें कि अभी देश के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। गर्मी के महीनों में मौसम की स्थिति खराब होने के पूर्वानुमान के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को लू से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की व केंद्र, राज्य तथा जिला स्तर पर सरकारों के सभी अंगों से तालमेल के साथ काम करने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव, गृह सचिव, भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों ने बैठक में भाग लिया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने हाल ही में कहा था कि अप्रैल से जून की अवधि के दौरान भारत में अत्यधिक गर्मी की संभावना है। मध्य और पश्चिमी प्रायद्वीपीय हिस्सों में इसका सबसे ज्यादा असर पड़ने की संभावना है।
राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 39.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इस साल अब तक शहर का सबसे अधिक तापमान है। आईएमडी के आंकड़ों से पता चलता है कि दूसरा सर्वाधिक अधिकतम तापमान नौ मार्च को 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान इस मौसम के औसत से चार डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से तीन डिग्री कम था।
आईएमडी ने एक बयान में कहा, ‘‘चक्रवाती परिसंचरण के रूप में एक तीव्र मध्य और ऊपरी क्षोभमंडलीय पछुआ पवन के रूप में पश्चिम ईरान पर स्थित है और मध्य क्षोभमंडलीय पछुआ पवनों में एक और चक्रवाती परिसंचरण के रूप में 72 अंश पूर्व देशांतर के साथ 32 अंश उत्तरी अक्षांश तक फैला है. 13-15 अप्रैल के दौरान अरब सागर से उत्तर पश्चिम भारत में उच्च नमी आने की संभावना है।
वरिष्ठ पत्रकार डॉ. कमलेश गोगिया की पुस्तक "आई एम रवीना" का भैयाजी जोशी ने किया विमोचन
रायपुर। राजधानी के वरिष्ठ पत्रकार और मैट्स विवि रायपुर के कला एवं मानविकी अध्ययनशाला, हिंदी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डा. कमलेश गोगिया की पुस्तक पुस्तक ' आई एम रवीना' का विमोचन नईदिल्ली में आयोजित एक समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरकार्यवाह श्री सुरेश भैयाजी जोशी, एम्स नई दिल्ली के डायरेक्टर डॉ एम श्रीनिवास व सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की संयुक्त सचिव राधिका चक्रवर्ती सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने किया।
छत्तीसगढ़ मितवा संकल्प समिति तथा विद्या देवी चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वाधान में 9 अप्रैल 2024 को नई दिल्ली के हिन्दी भवन में ट्रांसजेंडर के अधिकारों पर राष्ट्रीय स्तर पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारतीय संस्कृति में बहुलैंगिक अभिव्यक्ति को दर्शाने वाले देश के पहले वार्षिक कैलेंडर और ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के जीवन पर आधारित दो पुस्तक 'आई एम रवीना' व 'मन पाखी तन कारा' का विमोचन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरकार्यवाह श्री सुरेश भैयाजी जोशी सहित अन्य अतिथियों द्वारा किया गया।
वरिष्ठ पत्रकार डॉ. कमलेश गोगिया द्वारा लिखित पुस्तक 'आई एम रवीना 'भारत सरकार के नेशनल काउंसिल फॉर ट्रांसजेंडर की सदस्य और छत्तीसगढ़ मितवा संकल्प समिति की संस्थापक रवीना बरिहा के जीवन संघर्ष और उनकी आध्यात्मिक यात्रा का जीवंत दस्तावेज है। इस पुस्तक में रवीना के जीवन के संघर्षों और उनके आध्यात्मिक अनुभवों के अनेक अनछुए पहलुओं को सहज और सरल शब्दों के साथ उद्घाटित किया गया है। यह पुस्तक दो भागों में विभाजित है जिसके प्रथम भाग का प्रकाशन उपरांत विमोचन किया गया। इस समारोह में डॉ. कमलेश गोगिया को ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए किये गये लेखन कार्य के लिए जय श्री महाकाल किन्नर आखाड़े की महामंडलेश्वर शोभा ठाकुर और रवीना बरिहा द्वारा शाल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में एम्स नई दिल्ली के डायरेक्टर डॉ एम श्रीनिवास, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की संयुक्त सचिव राधिका चक्रवर्ती, राष्ट्रीय स्वयंसवेक संघ दिल्ली प्रांत के प्रांत संघचालक डॉ. अनिल अग्रवाल, समाजसेवी और उद्योगपति श्री रोहित वर्मा, श्री राकेश गुप्ता, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्राध्यापक प्रो. कृष्ण मुरारी, महामंडलेश्वर शोभा ठाकुर, राष्ट्रीय सेवा भारती के महामंत्री श्री ऋषिपाल सिंह डडवाल, भारत सरकार के नेशनल काउंसिल फॉर ट्रांसजेंडर की सदस्य विद्या राजपूत, रवीना बरिहा, मीरा परेडा, रेशमा प्रसाद सहित अनेक गणान्य नागरिकगण और देश के विभिन्न राज्यों के ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
परिचर्चा में देश के विभिन्न राज्यों से आए ट्रांसजेंडर व्यक्तियों ने समुदाय के विभिन्न मु्द्दों पर अपने-अपने विचार रखे तथा समस्याओं के संभावित समाधान भी सुझाए। परिचर्चा में सम्मिलित अन्य बुद्धिजीवियों ने भी ट्रांसजेंडर समुदाय के सशक्तिकरण को लेकर अपने विचार रखे। इसके पूर्व नेशनल काउंसिल फॉर ट्रांसजेंडर की सदस्य रवीना बरिहा ने वैदिक युग से लेकर काल के विविध आयामों में ट्रांसजेंडर के इतिहास तथा विविध संदर्भों और कानून पर विस्तार से प्रकाश डाला। संगोष्ठी के अंत में ट्रांसजेंडरों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया जिसमें उन्होंने नृत्य नाटिका के माध्यम से ट्रांसजेंडर व्यक्तियों की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। डॉ. कमलेश गोगिया की पुस्तक के विमोचन पर मैट्स विश्वविद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त कर शुभकामनाएँ दी हैं।
उच्च शिक्षा आयुक्त के आदेश ने बढ़ाई कालेज प्रोफेसरों की टेंशन... नहीं मिलेगी गर्मी की छुट्टी.. जानिए कारण
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी विश्वविद्यालयों का रिजल्ट इस बार समय पर आएगा। एकेडमिक कैलेंडर के मुताबिक सभी नतीजे जून तक जारी होने की संभावना है। उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त ने कॉलेजों को आदेश जारी किया है कि इस बार कॉलेज के प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसरों को गर्मी की छुट्टी नहीं मिलेगी। इस दौरान उन्हें मूल्यांकन का काम करना होगा।
उच्च शिक्षा आयुक्त ने कहा है कि रिजल्ट सही समय पर जारी होने से प्रवेश प्रक्रिया भी निर्धारित समय पर पूरी हो जाएगी। सरकारी कॉलेजों के शिक्षक गर्मियों के दौरान छुट्टी पर रहते हैं, जिससे मूल्यांकन प्रभावित होता है। उच्च शिक्षा के एकेडमिक कैलेंडर के अनुसार वार्षिक परीक्षा का परिणाम जून तक आना चाहिए, लेकिन रिजल्ट अगस्त-सितंबर तक जारी होते हैं।
इधर उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश में ग्रीष्मकालीन अवकाश पर रोक और मूल्यांकन में शामिल होने की अनिवार्यता को लेकर कॉलेज के प्रोफेसर्स में नाराजगी है। नाम नहीं छापने की शर्त पर उन्होंने कहा, कॉलेजों में पहले से ही शिक्षकों की कमी है। विश्वविद्यालयों को परीक्षा की चिंता नहीं है। शिक्षक नहीं होंगे तो सही तरीके से परीक्षा कैसे होगी, मूल्यांकन कैसे होगा और समय पर रिजल्ट कैसे आएगा।
उच्च शिक्षा का आदेश आने के बाद रविशंकर विश्वविद्यालय ने उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन को लेकर शासकीय कॉलेजों के प्राचार्यों को पत्र भेजा है। उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन के लिए प्राध्यापक और सहायक प्राध्यापक समय पर उपलब्ध नहीं होने से मूल्यांकन प्रभावित होता है, इसलिए प्राचार्य उच्च शिक्षा विभाग से जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन करना सुनिश्चित करें।
लोकसभा चुनाव 2024: तीसरे चरण की अधिसूचना 12 अप्रैल को... छत्तीसगढ़ सहित 12 राज्यों की 94 सीटों में मतदान
डेस्क। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए शुक्रवार 12 अप्रैल को अधिसूचना जारी होगी। तीसरे चरण में छत्तीसगढ़ सहित 12 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में 94 संसदीय सीटों और मध्य प्रदेश में 29-बैतूल संसदीय क्षेत्र के स्थगित चुनाव के लिए 7 मई, 2024 को मतदान होगा।
आम चुनाव 2024 के तीसरे चरण के लिए नामांकन कल से शुरू होगा। इस चरण में 12 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के 94 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों (पीसी) में चुनावों के लिए राजपत्र अधिसूचना कल यानी 12.04.2024 को जारी की जाएगी। मध्य प्रदेश के 29-बैतूल (एसटी) संसदीय क्षेत्र में स्थगित मतदान के लिए अलग से अधिसूचना भी कल जारी की जाएगी।
मध्य प्रदेश के 29-बैतूल (एसटी) संसदीय क्षेत्र में स्थगित मतदान के साथ इन 94 संसदीय क्षेत्रों में मतदान 07.05.2024 को होगा। मध्य प्रदेश की 29-बैतूल (एसटी) संसदीय सीट के लिए दूसरे चरण में होने वाला मतदान बहुजन समाज पार्टी के एक उम्मीदवार की मृत्यु के कारण स्थगित कर दिया गया था।
चुनाव के तीसरे चरण में शामिल राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में असम, बिहार, छत्तीसगढ़, दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव, गोवा, गुजरात, जम्मू एवं कश्मीर, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल शामिल हैं।
जजों का हुआ तबादला…सीजेएम व सेशन जज के पदों पर प्रमोशन भी
रायपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट प्रशासन ने वरिष्ठ श्रेणी के सात सिविल जजों को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश के तौर पर पदोन्नत किया है। इसके अलावा 70 जजों को स्थानांतरित किया गया है।
राज्यपाल सचिवालय की विधि अधिकारी नीरू सिंह को रायपुर, कमर्शियल कोर्ट के रजिस्ट्रार संजय रात्रे को बलौदाबाजार, दुर्ग के सीजेएम संतोष ठाकुर को रायगढ़, अंबिकापुर के सीजेएम नरेंद्र कुमार को रायपुर, बलौदाबाजार की सीजेएम श्यामवती मरावी को दुर्ग, सूरजपुर की सीजेएम सुषमा लकड़ा को सूरजपुर में ही, धमतरी के सीजेएम अनिल प्रभात मिंज को बिलासपुर, रायगढ़ के सीजेएम दीपक कुमार कोसले को दुर्ग में स्थानांतरित कर एडीजे बनाया गया है।
इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न न्यायालयों से 70 सिविल जजों का स्थानांतरण आदेश भी हाईकोर्ट रजिस्ट्रार की ओर से जारी किया गया है। जिसकी सूची हाईकोर्ट की अधिकृत वेबसाइट में देखी जा सकती है।
जेल में बंद सौम्या चौरसिया की जमानत याचिका पर बहस टली, अब इस दिन होगी कोर्ट में सुनवाई
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला घोटाला मामले में जेल में बंद निलंबित उप सचिव सौम्या चौरसिया की जमानत याचिका पर गुरुवार की बहस टल गई है। अब शुक्रवार 12 अप्रैल को जमानत याचिका पर सुनवाई होगी। तकनीकी कारणों से जमानत याचिका पर सुनवाई की तारीख को आगे बढ़ाया गया है। कोल स्कैम केस में ED के प्रतिवेदन पर एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध शाखा (EOW) में 71 लोगों पर नामजद अपराध दर्ज है। ACB मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक प्रवर्तन निदेशालय (ED) की स्पेशल कोर्ट में जमानत याचिका दायर की गई है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा जमानत याचिका खारिज करने के बाद पहली बार निचली अदालत में जमानत याचिका लगाई गई है। भूपेश बघेल की पिछली कांग्रेस सरकार में प्रभावशाली अफसर रहीं सौम्या चौरसिया को कोल स्कैम और मनी लॉन्ड्रिंग केस में ED ने 2 दिसंबर 2022 को गिरफ्तार किया था। सौम्या अभी रायपुर की सेंट्रल जेल में बंद है।
बता दें कि कोयला स्कैम और मनी लॉन्ड्रिंग केस में सुप्रीम कोर्ट ने सौम्या की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने गलत तथ्य पेश करने पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया था। इससे पहले बिलासपुर हाईकोर्ट भी सौम्या चौरसिया की जमानत याचिका को खारिज हो चुकी है। सौम्या चौरसिया को कोयला में अवैध लेवी मामले में गिरफ्तार किया गया है। कोयला कारोबारी सूर्यकांत तिवारी के माध्यम से यह उगाही चल रही थी। पिछले दिनों एसीबी ने जेल में सौम्या चौरसिया से पूछताछ भी की थी।
मतदाताओं को जागरूक करने निकाली गई बाइक रैली.... रीना कंगाले ने स्वीप एक्सप्रेस को दिखाई हरी झण्डी
दुर्ग जिले में चल रही थी अवैध प्लाटिंग... सात एकड़ में चला निगम का बुलडोजर
दुर्ग। अवैध प्लाटिंग को लेकर जिला प्रशासन की टीम लगातार कार्ऱवाई कर रही है। इसी कड़ी में 7 एकड़ में चल रहे अवैध प्लाटिंग की तैयारी में बुलडोजर से कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई दुर्ग जिले के ग्राम कुरूद में चंदूलाल चंद्राकर मेमोरियल मेडिकल कॉलेज रोड के पास 7 एकड़ भूमि पर की गई।
निगम आयुक्त देवेश कुमार ध्रुव के निर्देश पर जोन-2 के राजस्व अमला व भवन शाखा की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। जानकारी के मुताबिक ग्राम कुरूद में मेडिकल कॉलेज के पास 7 एकड़ भूमि पर अवैध प्लाटिंग के लिए बनाए गए मार्ग संरचना को निगम के बुलडोजर ने ध्वस्त कर दिया। वहीं गड़ाए गए पोल को उखाड़ा गया।
निगम को शिकायत मिली थी कि मेडिकल कॉलेज के पास ग्राम कुरूद के एक एकड़ व अन्य खसरा नंबर के 6 एकड़ लगानी भूमि में बिना अनुमति के प्लाटिंग किया जा रहा है. शिकायत पर आयुक्त ने भवन शाखा व जोन-2 को कार्रवाई के निर्देश दिए थे. संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और वहां मुरूम डालकर बनाए गए मार्ग संरचना व लगाए गए पोल को उखाड़ कर ध्वस्त किया. कार्रवाई के दौरान जोन आयुक्त येशा लहरे, सहायक राजस्व अधिकारी जेपी तिवारी, भवन शाखा के उपअभियंता शहबाज अहमद, तोड़ फोड़ दस्ता के अधिकारी कर्मचारी शामिल थे।
कांकेर में संदिग्ध हालत में मिला भालू का शव... तस्करी के लिए शिकार की आशंका
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर वनमंडल अंतर्गत सरोना वन परिक्षेत्र के आछीडोंगरी गांव के जंगल में भालू का शव संदिग्ध हालत में मिला है। भालू के दोनों पंजे शरीर से गायब हैं, जिससे शिकार की आशंका जताई जा रही है। गांववालों की सूचना पर वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा कर उसका पोस्टमॉर्टम कराया गया।
ग्राम आछीडोंगरी गांव की पहाड़ी पर जंगल में बुधवार को कुछ गांववाले गए थे। यहां उन्होंने एक भालू का शव देखा। इसके बाद तुरंत उन्होंने वन विभाग को घटना की सूचना दी। वन विभाग की टीम तत्काल पहुंची। गुरुवार को भालू के शव का अंतिम संस्कार वन काष्ठागार में किया जाएगा।
वन परिक्षेत्र अधिकारी अब्दुल रहमान खान ने बताया कि भालू के दोनों पंजे गायब हैं। आशंका है कि भालू के पंजों की तस्करी के लिए उसका शिकार किया गया है। वन परिक्षेत्र अधिकारी अब्दुल रहमान खान ने बताया कि भालू के दाहिने साइड का पंजा 6 इंच कटा भी हुआ है। साथ ही शव को देखकर लग रहा है कि उसकी मौत 2-3 दिन पहले हुई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
रायपुर से गुजरने वाली 19 ट्रेनें रद्द… गर्डर लांचिंग के लिए मेगा ब्लॉक
गर्मी के दिनों में बिजली आपूर्ति की निरंतरता और बहाली में लापरवाही बर्दाश्त नहीः दयानंद
रायपुर । छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनियों के अध्यक्ष एवं ऊर्जा विभाग के सचिव पी.दयानंद ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वितरण कंपनी के क्षेत्रीय प्रमुखों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि असावधानी के कारण बिजली आपूर्ति असामान्य रूप से बाधित रहने पर संबंधित अधिकारी के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। मरम्मत के लिए बिजली आपूर्ति बंद करने की सूचना उपभोक्ताओं को मीडिया के माध्यम से अनिवार्य रूप से दी जाए। ऐसा कोई भी कार्य जनता को विश्वास में लेकर किया जाए।
प्रदेश के कुछ स्थानों से बिजली की ऑंख-मिचौली की खबरों को गंभीरता से लेते हुए दयानंद ने विद्युत सेवा भवन ,डंगनिया रायपुर में एम डी सहित वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक बुलाई गई थी, जिसमें क्षेत्रीय ईडी एवं मुख्य अभियंताओं को वीसी के माध्यम से जोड़ा गया। दयानंद ने क्षेत्रीय प्रमुखों से उनके क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। कुछ क्षेत्रों में अधिक शिकायतें पाये जाने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की ,वहीं जहां न्यूनतम समय में रेस्पांस और सुधार की जानकारी मिली, उसकी उन्होंने तारीफ की।
दयानंद ने मैदानी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अपने फील्ड में लगातार दौरा करें, उपभोक्ताओं और फील्ड स्टाफ के नियमित संपर्क में रहें । नियमित रखरखाव की निगरानी करते रहें और ब्रेक डाउन की स्थिति में फौरन सुधार सुनिश्चित करें। गर्मी की पीक डिमांड आना अभी शेष है अत: उसके लिए पूरी तरह सतर्क और सावधान रहें। इन दिनों लोड बढ़ना,आंधी-तूफान आना आम बात है पर उसका सही प्रबंधन करना हमारा कर्तव्य है,इसमें किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दयानंद निर्देश दिये कि दफ्तर और फील्ड में सामंजस्य का पूरा ध्यान रहे । उपभोक्ताओं की बिजली दफ्तरों में पूरी संजीदगी के साथ सुनवाई हो और समाधान मिले, यह सुनिश्चित होना चाहिए। इस अवसर पर मुख्यालय में एम डी पारेषण एवं वितरण श्री आर.के.शुक्ला,ईडी श्री भीमसिंह,श्री संदीप वर्मा, श्री आर.सी.अग्रवाल एववं सीई श्रीआनंद राव आदि उपस्थित थे।
दयानंद ने आम जनता से अपील की है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में संबंधित निकटस्थ कार्यालय में शिकायत अवश्य करें लेकिन तोड़ -फोड़ जैसी हिंसक कार्रवाई नहीं करें। बिजली का अधिकतर वितरण-तंत्र खुले में होने के कारण मौसम से प्रभावित होता है । ब्रेक-डाउन की स्थिति में फाल्ट खोजने और सुधार का काम सुरक्षित व शांतिपूर्ण वातावरण में ही संभव होता है। इसके लिए जनता का सहयोग अपेक्षित है।
एक्टर सूरज मेहर की सड़क हादसे में मौत.... छत्तीसगढ़ी फिल्मों में निभाया विलेन का किरदार
रायपुर। भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ी एक्टर सूरज मेहर की मौत हो गई। सूरज छत्तीसगढ़ी फिल्मों में खलनायक के किरदार में नजर आते थे। घटना बिलाईगढ़ के सरसींवा की है, जहां उनकी स्कार्पियों को पिकअप ने टक्कर मार दी। घटना में उनकी मौत हो गई। बतादें कि हादसे के दिन ही ओडिशा में उनकी सगाई होनी थी। टक्कर इतनी भीषण थी की स्कॉर्पियो के सामने बैठे सूरज मेहर की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
सूरज अपने मां-बाप के इकलौती संतान थे। इस घटना में स्कॉर्पियो सवार उनके साथी आर्या वर्मा और ड्राइवर भूपेश पाटले गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिन्हें बिलाईगढ़ के अस्पताल में भर्ती करने के बाद बिलासपुर रेफर किया गया है। दोनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक सूरज मेहर फिल्म की शूटिंग से लौट रहे थे। उनकी फिल्म आखिरी फैसला’ की शूटिंग चल रही थी। इससे पहले वो फिल्म ‘तोर मया के चिन्हा’ में दमदार अभिनय से चर्चित हुए थे। 40 वर्षीय सूरज मेहर का आज 10 अप्रैल बुधवार को ओडिशा के भठली में सगाई होनी थी। जिसके कारण ग्राम सरिया बिलाईगढ़ निवासी सूरज मेहर बिलासपुर में फिल्म शूटिंग करने के बाद स्कॉर्पियो से घर लौट रहे थे तभी पिपरडुला गांव के पास सरसीवां की और से आ रही पिकप वाहन ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
बिलासपुर में हिंदू नववर्ष, गुड़ी पाडवा पर हुआ सामूहिक सुंदर काण्ड पाठ
बिलासपुर। गुड़ी पाड़वा यानी हिंदू नववर्ष मंगलवार के दिन पड़ने के कारण सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ समिति टिकरापारा बिलासपुर ने राम रक्षा स्त्रोत, राम नाम 108 बार के साथ साथ ही सुन्दरकाण्ड का पाठ किया गया। हनुमान चालीसा पाठ के बाद आरती की गई एवं प्रसाद वितरण कर समापन किया गया।
आय़ोजन में सभी का भरपूर सहयोग रहा, जिसमें सभी ने यह निर्णय लिया कि घर के भगवान को चढ़े पुष्प नदी, तालाबों में न विसर्जन करेंगे अपितु उसे हर सप्ताह सूखा कर समिति के पास जमा करेंगे समिति उसे संग्रह कर उसे शहर की एक संस्था को देकर उससे खाद बनाएगी। जिससे नदी, तालाब स्वच्छ रह सके।
इस अवसर पर अविनाश गोरे, नीरज जोशी, दीपक माहुरकर, प्राजक्त चौधरी, अक्षय अलकरी, नितिन तामडू, शुभांगी मोने, सुनंदा तिजारे, प्रीति पांसे, मंजिरी शास्त्री एवं अन्य राम भक्त बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
फिर एक यात्री बस गहरी खाई में पलटी....11 लोग घायल
जशपुरनगर । चालक देरी होने के कारण जल्दबाजी में बस को तेजी से भागते हुए घाटी से उतार रहा था। तभी बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस हादसे में कुल 11 लोग घायल हो गए। सभी बस के अंदर दब गए थे। घाटी चढ़ने के दौरान, यात्री बस अनियंत्रित हो कर खाई में पलट गई। जानकारी के अनुसार हादसे में बस में सवार 11 यात्री घायल हुए है। घटना जशपुरनगर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र के डूमरकोना घाटी की बताइ जा रही है। घायलों में एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। दुर्घटना मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे की है। बस यात्रियों को लेकर जशपुर से एकाम्बा मरंगी जा रही थी।
हादसे को देख आसपास गाय चरवाहे व ग्रामीण मदद के लिए आये । जहां बस के अंदर फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। वहां संजीवनी वाहन से उपचार के लिए सन्ना के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रुप से सभी घायलों को जशपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इनमें से एक महिला की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। जशपुर में सभी घायलों का इलाज चल रहा है। इनमें से गंभीर रुप से घायल महिला जेरमेना समेत कुछ लोगों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज भेजने की तैयारी की जा रही है।
संस्कार भारती और रेलवे महाराष्ट्र मंडळ बिलासपुर ने गुड़ी उभारकर मनाया गुड़ी पड़वा
बिलासपुर। कला एवं साहित्य के लिए समर्पित अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती की जिला इकाई बिलासपुर एवं रेलवे महाराष्ट्र मंडल टिकरापारा बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में वर्षप्रतिपदा उत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम मोहन देवपुजारी अध्यक्ष रेल्वे महाराष्ट्र मंडल बिलासपुर एवं राजेश सोनार अध्यक्ष संस्कार भारती बिलासपुर के आतिथ्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुवात उगते सूर्य को अर्घ्य देकर मंडल प्रागंण में गुड़ी की स्थापना व पूजन किया गया। तत्पश्चात मंचीय आयोजन की शुरुवात नटराज की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पूजन अर्चन किया गया। अतिथियों के स्वागत पश्चात् एस. नीरजा ने प्रभु श्रीराम स्तुति पर सुंदर नृत्य की प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरी, नगर के सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायक टोपराज सिंह पटेल अपने शास्त्रीय गायन शैली में नट भैरव राग पे छोटा खयाल, भजन, एवं गजल की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। उनके साथ संगतकार के रूप में तबले पर देवेंद्र श्रीवास एवं गिटार पर अपूर्व सरकार ने बखूबी साथ दिया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर राजेश सोनार ने अपने उद्बोधन में कहां की विक्रम संवत 2081 नवसंवत्सर हम सभी के लिए कुछ नवीन करने की प्रेरणा लेकर आया है, हम सभी को इस नूतन वर्ष में समाज एवं राष्ट्र के लिए कुछ नया करने का संकल्प लेना चाहिए ताकि समाज और राष्ट्र और शसक्त बन सके।
मोहन देवपुजारी ने कहा कि हिंदू नया वर्ष हर्ष एवं उल्लास का वातावरण निर्मित करता है, समाज का हर वर्ग इसे मनाने आतुर है, हम सभी इसमें शामिल होकर एक नए सवेरे का संकल्प लेकर सबको बधाई प्रेषित करे। अंत में सभी कला साधकों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन डा. विजया राजपुत ने एवं आभार प्रदर्शन सचिव नीरज जोशी ने किया। कार्यक्रम में भुवनेश्वर चंद्राकर, चंद्रशेखर देवांगन, नीलकंठ इंगले, शरद बल्हाल, दिलीप देशपांडें, नीरज जोशी, अविनाश गोरे, संदीप बल्हाल, बसंत चौहान, सोनु मानिकपुरी, राहुल रामभजनी, बालमुकुंद श्रीवास, सानवी माहेश्वरी, भाग्यश्री चंद्राकर एवं मंडल के सदस्य एवं कला प्रेमी उपस्थित थे।
केंद्रीय गृह सचिव और आईबी चीफ पहुंचे रायपुर.... राजधानी में होगी हाई लेवल बैठक
रायपुर। लोकसभा चुनावों और नक्सल आपरेशन को लेकर राजधानी में हाई लेवल बैठक होने वाली है। जिसमें केंद्रीय गृह सचिव और आईबी चीफ समीक्षा करेंगे। केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला और आईबी चीफ तपन डेका राजधानी रायपुर पहुंचे। वे यहां दो दिन रहेंगे।
केंद्रीय सचिव अजय भल्ला प्रदेश में लोकसभा चुनाव को संपन्न कराने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक लेंगे प्रदेश के बड़े पुलिस अधिकारी शामिल होंगे जिसमें बस्तर में होने वाले पहले चरण के मतदान में नक्सलियों के खिलाफ आपरेशन पर विस्तार से चर्चा करेंगे। वहीं प्रदेश में चुनावी दौरे पर आने वाले वीआईपी नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था पर रणनीति बनाएंगे।
हाल ही में नक्सलियों द्वारा प्लांट की गई प्रेशर आईईडी की चपेट में आने से एसटीएफ के दो जवान घायल बीजापुर के गंगालूर थाना क्षेत्र के पीडिया के जंगल मे सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा प्लांट की गई प्रेशर आईईडी की चपेट में आने से एसटीएफ के दो जवान घायल हो गए।जवान खतरे से बाहर हैं।
पुलिस ने बताया कि गंगालूर इलाके के पीडिया क्षेत्र में जवान सर्चिंग के लिए निकले थे। इसी दौरान पीडिया के जंगल में नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी की चपेट में आने से एसटीएफ के दो जवान आरक्षक शिवलाल मंडावी व आरक्षक मिथिलेश मरकाम घायल हो गए हैं। दोनों जवान खतरे से बाहर है।