केरल में आज मानसून के दस्तक के आसार... चार दिन हो चुका लेट... छत्तीसगढ़ में देर से पहुंचेगा मानसून
2023-06-04 04:51 PM
954
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 4 जून को लक्षद्वीप के पास पहुंच गया है। रविवार को मॉनसून के केरल में पहुंचने की संभावना जताई गई है। हालांकि मानसून अपने तय समय से चार दिन पीछे चल रहा है, जिसकी वजह से देश के बाकि हिस्सों में भी मानसून का असर देर से ही देखने को मिलेगा।
छत्तीसगढ़ की बात करें तो 25 जून को मॉनसून के आने का समय है। बिहार में 15 जून को मॉनसून के आने की तारीख है। वहीं, यूपी के कुछ इलाकों में 15 जून को सबसे पहले मॉनसून की झमाझम बारिश हो सकती है, जबकि कई जगह 20 और 25 जून को मॉनसून आ सकता है।
तपती गर्मी से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद की जा सकती है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने दक्षिण पश्चिम मानसून को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। आईएमडी के अनुसार रविवार को केरल में दक्षिण पश्चिम मानसून प्रवेश कर सकता है। इससे भारत के दक्षिणी राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। दूसरी ओर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग दिल्ली के सीनियर वैज्ञानिक ने वेस्टर्न हिमालयन रीजन में अगले चार-पांच दिनों में बारिश की आशंका जताई है। आईएमडी दिल्ली के सीनियर वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के कारण पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, यूपी और दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिनों में बारिश के आसार है।
न्यूज एजेंसी एएनआई ने IMD-Delhi के सीनियर मौसम वैज्ञानिक नरेश कुमार के हवाले से बताया कि इरान के पश्चिमी विक्षोभ के कारण वेस्टर्न हिमालयन रीजन में अगले चार-पांच दिनों में हल्की बारिश की संभावना है। डॉ. नरेश कुमार ने आगे बताया कि पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, यूपी और दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिनों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद इन राज्यों में तापमान में बढ़ोतरी होगी।
Light rainfall activity is expected over the western Himalayan region over the next 4-5 days due to a Western disturbance over Iran. Very light rainfall is expected over Punjab, Haryana, Rajasthan, UP and Delhi NCR in the next two days. After this temperature is expected to rise:… pic.twitter.com/hKLI6pCOyd
— ANI (@ANI) June 4, 2023
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार से दक्षिण पश्चिम मानसून के आगमन की भविष्यवाणी की है, जिससे केरल में भारी बारिश की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून लक्षद्वीप और दक्षिण अरब सागर के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है।
IMD ने रविवार को एक अलर्ट में कहा, राजस्थान, छत्तीसगढ़, ओडिशा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल, माहे, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, रायलसीमा और कर्नाटक में छिटपुट स्थानों पर बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।